मेस में भोजन की गुणवत्ता परखी, अधिकारियों ने छात्रों के साथ किया भोजन
कन्नौज। तिर्वा स्थित मेडिकल कॉलेज में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण कर मेस में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मेस का निरीक्षण करने के साथ ही छात्रों से भोजन की गुणवत्ता, स्वाद और स्वच्छता को लेकर जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छात्रों से सीधे संवाद कर यह जाना कि उन्हें भोजन को लेकर किसी प्रकार की शिकायत या परेशानी तो नहीं है। छात्रों से मिली जानकारी के आधार पर मेस की व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने निरीक्षण को महज औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने छात्रों के साथ भोजन किया और मौके पर ही भोजन की गुणवत्ता, स्वाद तथा तैयार करने की व्यवस्था को परखा। मेस संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ रसोई और आसपास के परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल छात्रों को मिलावटी खाद्य पदार्थों के प्रति भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का सीधे स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ता है। छात्रों को मिलावट से होने वाले नुकसान और खाद्य पदार्थों के चयन में सावधानी बरतने की जानकारी दी गई।
टीम ने मेस में खाद्य सामग्री के रखरखाव, भंडारण और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया का भी जायजा लिया। अचानक हुई जांच से मेस संचालकों में हलचल रही।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित भोजन व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


