बाराबंकी
सफदरगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। बरियारपुर गांव जाने वाली सड़क पर एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कार सवार बरियारपुर निवासी 43 वर्षीय राज नारायण वर्मा की मौत हो गई। वह स्टांप विक्रेता थे। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें कार से बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
थाना प्रभारी अमर कुमार चौरसिया के अनुसार, राज नारायण का एक मकान शहर के विजयनगर मोहल्ले में भी है। रविवार सुबह वह अपनी कार से अपनी मां से मिलने बरियारपुर गांव जा रहे थे। गांव की ओर जाने वाली सड़क पर पहुंचते ही अचानक कार में आग लग गई। कुछ ही देर में कार धधकने लगी और राज नारायण अंदर फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी।
हादसे की जानकारी मिलते ही राज नारायण के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। जली हुई कार और शव का दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की सूचना के बाद फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जली हुई कार की जांच की और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
फिलहाल कार में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फोरेंसिक टीम यह जांच कर रही है कि आग वाहन में तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से लगी थी। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।


