41.2 C
Lucknow
Sunday, July 5, 2026

मेरा लक्ष्य राजनीति नहीं, धर्म और समाज की सेवा : महंत ईश्वर दास ब्रह्मचारी

Must read

पत्रकार वार्ता के दौरान साझा किया अपने विचार, बोले सोशल मीडिया पर फोटो लगाकर किया गया गलत प्रचार
फर्रुखाबाद। दुर्वासा ऋषि आश्रम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान महंत ईश्वर दास ब्रह्मचारी महाराज ने सोशल मीडिया पर उनके चुनाव लड़ने को लेकर चल रही चर्चाओं को पूरी तरह निराधार बताते हुए स्पष्ट किया कि उनका राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका संपूर्ण जीवन धर्म, आध्यात्म और समाज सेवा के लिए समर्पित है तथा भविष्य में भी वे इसी मार्ग पर चलते रहेंगे।
महंत ईश्वर दास ब्रह्मचारी ने कहा कि एक संत का दायित्व सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज को नैतिक और आध्यात्मिक दिशा देना होता है। उन्होंने कहा कि वे लगातार लोगों के बीच जाते हैं, उनके सुख-दुख में सहभागी बनते हैं और आश्रम की विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के संचालन के लिए समाज का सहयोग प्राप्त करते हैं। इसे राजनीतिक गतिविधि से जोड़ना उचित नहीं है।
उन्होंने बताया कि दुर्वासा ऋषि आश्रम में गौसेवा, धार्मिक अनुष्ठान और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा जैसी अनेक सेवा गतिविधियां संचालित होती हैं। आश्रम की आय का कोई व्यावसायिक स्रोत नहीं है, इसलिए श्रद्धालुओं और समाज के सहयोग से ही सभी व्यवस्थाएं संचालित की जाती हैं। लोगों से मिलना-जुलना भी इसी सामाजिक और धार्मिक दायित्व का हिस्सा है।
महंत ने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके चुनाव लड़ने संबंधी जो दावे किए जा रहे हैं, उनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे किसी भी चुनावी राजनीति का हिस्सा नहीं बनेंगे और धर्म के प्रचार-प्रसार, जनकल्याण तथा आश्रम की सेवा में ही अपना जीवन समर्पित रखेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि संत समाज का मार्गदर्शक होता है और जनप्रतिनिधियों को भी समाजहित तथा नैतिक मूल्यों के अनुरूप कार्य करने की प्रेरणा देता है। आश्रम सभी के लिए खुला है और यहां किसी भी राजनीतिक दल या विचारधारा के व्यक्ति का समान रूप से स्वागत किया जाता है।
प्रेस वार्ता के दौरान हिंदू महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष विमलेश मिश्रा सहित अन्य श्रद्धालु और समर्थक भी उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article