26 C
Lucknow
Saturday, August 22, 2026

टूटी एचटी लाइन बनी मौत, साइकिल सवार की मौके पर दर्दनाक मौत, ई-रिक्शा में दौड़ा करंट

Must read

रिक्शा सवार दो युवक झुलसे, बड़ा हादसा टला
फर्रुखाबाद। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में टूटी पड़ी हाईटेंशन (एचटी) लाइन की चपेट में आने से एक साइकिल सवार की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसी दौरान वहां से गुजर रहा ई-रिक्शा भी एचटी लाइन की चपेट में आ गया। हादसे में ई-रिक्शा सवार दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए टूटी एचटी लाइन को तत्काल ठीक कराने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गंगादरवाजा निवासी अवधेश पुत्र स्वर्गीय जगदीश शनिवार को साइकिल से अपने खेतों की ओर जा रहे थे। बताया गया कि खेत जाने के बाद उन्हें गंगा स्नान के लिए भी जाना था। इसी दौरान रास्ते में हाईटेंशन विद्युत लाइन टूटकर नीचे झूल रही थी। साइकिल सवार अवधेश जैसे ही उसके संपर्क में आए, उन्हें तेज करंट लग गया और वह गंभीर रूप से झुलस गए। करंट इतना तेज था कि उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक ई-रिक्शा भी टूटी एचटी लाइन की चपेट में आ गया। ई-रिक्शा में गंगादरवाजा टूटी पुलिया निवासी शिवम कुशवाहा पुत्र विजेंद्र और उसका साथी सुरजीत पुत्र सोनेलाल सवार थे। दोनों युवक जयपुर से काम करके वापस लौटे थे और रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद ई-रिक्शा से अपने घर जा रहे थे। रास्ते में अचानक ई-रिक्शा टूटी हुई हाईटेंशन लाइन से टकरा गया, जिससे पूरे ई-रिक्शा में करंट फैल गया और दोनों युवक झुलस गए।
झुलसे युवकों ने बताया कि अचानक पूरे ई-रिक्शा में करंट दौड़ गया था। गनीमत रही कि उस समय ई-रिक्शा में अन्य सवारियां मौजूद नहीं थीं, वरना हादसा और भी बड़ा हो सकता था। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभाला और दोनों झुलसे युवकों को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने मृतक अवधेश के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए लोहिया अस्पताल भेज दिया।
हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि टूटी और झूलती एचटी लाइन किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में जर्जर और टूटे बिजली तारों की जांच कराकर उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article