– पवन जैन समेत कई कारोबारियों के परिसरों में कार्रवाई
– सिविल लाइंस क्षेत्र में छापेमारी जारी
रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से जुड़े लोगों और कारोबारियों के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई से रामपुर में हलचल तेज हो गई है। मंगलवार को सिविल लाइंस क्षेत्र में कई स्थानों पर ईडी की टीमों ने छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार, पवन जैन और एएस इंटरप्राइजेज से जुड़े परिसरों पर भी प्रवर्तन निदेशालय की टीमों ने कार्रवाई की है। इसके अलावा आजम खां के करीबियों से जुड़े बताए जा रहे करीब छह अन्य ठिकानों पर भी जांच एजेंसी की छापेमारी जारी होने की जानकारी सामने आई है।
छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी की टीमों ने संबंधित परिसरों में दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश को लेकर भी सख्ती बरती गई। स्थानीय स्तर पर ईडी की कार्रवाई को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि सिविल लाइंस क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर ईडी की टीमें कार्रवाई कर रही हैं। जांच एजेंसी की ओर से अभी तक छापेमारी के कारण और बरामदगी से संबंधित विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
ईडी की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच के दौरान कौन-कौन से दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली और किन मामलों को लेकर यह कार्रवाई की गई। फिलहाल कई परिसरों में जांच जारी है।


