2019 बैच की प्रियंका सैफई थाने में थीं तैनात, पति से विवाद के बाद जहरीला पदार्थ खाने की आशंका
इटावा। सिविल लाइन क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन में तैनात महिला कांस्टेबल प्रियंका की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। प्रियंका वर्ष 2019 बैच की कांस्टेबल थीं और वर्तमान में सैफई थाने में तैनात थीं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, प्रियंका का पति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उनके जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई। हालत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रियंका मूल रूप से सहारनपुर की रहने वाली थीं। वह अपने पति और डेढ़ साल की बेटी के साथ पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में रह रही थीं। घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


