36.6 C
Lucknow
Saturday, July 4, 2026

दिनदहाड़े हाईवे पर महिला से कुंडल लूट, बाइक सवार बदमाश फरार; पुलिस ने घेराबंदी कर शुरू की तलाश

Must read

अमृतपुर, फर्रुखाबाद: थाना राजेपुर क्षेत्र में शनिवार शाम इटावा-बरेली हाईवे पर दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों द्वारा महिला के कान से कुंडल झपट लेने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश तेज रफ्तार से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा बदमाशों की पहचान के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भुड्डनपुर की मढ़ैया निवासी ब्रजराम राजपूत अपनी पत्नी सोनम और तीन वर्षीय पुत्री मोनिका के साथ हरदोई जनपद के थाना पाली क्षेत्र के ग्राम खनुआ शंकरपुर स्थित ससुराल से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। शनिवार शाम लगभग 4:40 बजे जब उनका परिवार थाना राजेपुर क्षेत्र के जैनापुर गांव के पास इटावा-बरेली हाईवे से गुजर रहा था, तभी पीछे से आए दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने चलती बाइक पर बैठी सोनम के कान से कुंडल झपट लिए और फरार हो गए।पीड़ित ब्रजराम ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का उजरामऊ तक पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आ सके। इसके बाद उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष राजेपुर नागेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि महिला से कुंडल छीने जाने की सूचना मिली है। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। संदिग्धों की पहचान के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं और जल्द ही घटना का सफल खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

दिनदहाड़े हाईवे पर हुई इस वारदात से राहगीरों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। वहीं पुलिस का कहना है कि जिले में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए हाईवे पर गश्त और निगरानी बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article