36 C
Lucknow
Monday, April 13, 2026

संदिग्ध परिस्थितियों में गेहूं की फसल में आग, 10 बीघा फसल जलकर राख

Must read

रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के चौहानिया गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब संदिग्ध परिस्थितियों में गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 10 बीघा फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेतों में अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद आग तेजी से फैलती चली गई। तेज हवा के कारण आग ने कुछ ही देर में बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। बाल्टी, पाइप और अन्य संसाधनों के जरिए आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक किसानों की खड़ी फसल पूरी तरह जल चुकी थी, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article