फर्रुखाबाद। जनपद में निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों और छात्रों से कथित रूप से की जा रही मनमानी वसूली के विरोध में फर्रुखाबाद विकास मंच ने बड़ा कदम उठाया है। संगठन ने इस मुद्दे को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया कि जिले के कई निजी स्कूलों में एडमिशन फीस, कॉपी-किताबें और अन्य शैक्षणिक सामग्री को लेकर अभिभावकों पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन अभिभावकों को तय दुकानों से ही सामान खरीदने के लिए मजबूर करता है, जिससे आर्थिक शोषण हो रहा है।
इस मामले को लेकर फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भैयन मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अभिभावक और जागरूक नागरिक जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा गया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से छह मांगें रखी गईं, जिनमें निजी स्कूलों में चल रही जबरन वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग शामिल है। साथ ही सभी स्कूलों में एनसीईआरटी की पुस्तकों को अनिवार्य रूप से लागू करने और निजी प्रकाशकों की महंगी किताबों पर रोक लगाने की बात कही गई है।
इसके अलावा प्रवेश शुल्क के नाम पर होने वाली अवैध वसूली बंद करने, हर प्रकार की फीस की पारदर्शी जानकारी रसीद में देने तथा अभिभावकों को किसी विशेष दुकान से सामान खरीदने के लिए बाध्य न करने की मांग भी उठाई गई।
विकास मंच ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो संगठन सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगा।


