हमीरपुर
सदर कोतवाली क्षेत्र में ग्रामीणों की सतर्कता से एक बड़ी घटना टल गई। बनवासी के डेरा इलाके में शनिवार शाम दो युवक अवैध तमंचा लेकर लोगों को धमका रहे थे और गाली-गलौज कर रहे थे। स्थिति को बिगड़ता देख ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों युवकों को पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही बांध दिया और तुरंत यूपी 112 पर सूचना दी। इस दौरान कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया गया। इसके बाद दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए सदर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवकों की पहचान शैलेश निषाद निवासी सजेती थाना, कानपुर नगर और पंकज कुमार निषाद निवासी मौदहा कोतवाली क्षेत्र के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ अवैध हथियार रखने के आरोप में मामला दर्ज किया जा रहा है।
पुलिस ने ग्रामीणों की सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से संभावित अपराध को रोका जा सका। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।


