लखनऊ: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने शनिवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में समूह ‘ग’ (ग्रुप-सी) के पदों पर होने वाली भर्तियों में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी 3 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे।
आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, अभ्यर्थी 3 अगस्त से पोर्टल पर जाकर पंजीकरण और आवेदन पत्र भर सकते हैं। ऑनलाइन फॉर्म जमा करने, शुल्क भुगतान करने और अंतिम रूप से आवेदन सबमिट करने की आखिरी तारीख 1 सितंबर तय की गई है। यदि किसी अभ्यर्थी के आवेदन में कोई गलती या त्रुटि हो जाती है, तो उसे सुधारने का अवसर भी मिलेगा। अभ्यर्थी 8 सितंबर तक शुल्क समायोजन और अपने आवेदन फॉर्म में संशोधन कर सकेंगे।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली पीईटी परीक्षा राज्य की सभी समूह ‘ग’ की भर्तियों के लिए पहला महत्वपूर्ण चरण है। इस प्रारंभिक पात्रता परीक्षा में प्राप्त अंकों (स्कोर) के आधार पर ही अभ्यर्थियों को आयोग की आगामी विभिन्न मुख्य परीक्षाओं में शामिल होने की अनुमति मिलती है।


