फर्रुखाबाद: केंद्रीय बजट 2026 (Union Budget) के संदर्भ में आवास विकास स्थित भारतीय जनता पार्टी जिला मुख्यालय पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान सांसद मुकेश राजपूत (Mukesh Rajput) एवं जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने पत्रकार बंधुओं से संवाद करते हुए बजट के प्रमुख प्रावधानों और उसके दूरगामी प्रभावों पर विस्तृत जानकारी दी। सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल तक जनहित और जनकल्याण के अनेक निर्णायक फैसले लिए गए हैं। 1 फरवरी को प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 में समाज के हर वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए संतुलित और दूरदर्शी प्रावधान किए गए हैं।
बजट से उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी और महिलाओं का सशक्तिकरण मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि 2014 से पूर्व कांग्रेस शासनकाल में भारत विश्व की 11वीं अर्थव्यवस्था था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत प्रगति के पथ पर अग्रसर होकर आज विश्व की चौथी आर्थिक महाशक्ति बन चुका है। इस बजट से देश, प्रदेश और जिले—तीनों स्तरों पर व्यापक लाभ मिलेगा।
सांसद ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद सेना को और मजबूत करने के लिए 7 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए भी बजट में पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं। वैश्विक चुनौतियों के बीच सरकार ने संतुलित दृष्टिकोण अपनाते हुए जनकल्याणकारी बजट पेश किया है, जिसके दूरगामी परिणाम देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
स्वावलंबी भारत के तहत उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कंटेनर निर्माण सहित कई प्रावधान किए गए हैं। गरीब और मध्यम वर्ग की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र में 17 जीवनरक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क घटाने/शून्य करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही हर जिले में महिला छात्रावास की स्थापना और लखपति दीदी की तर्ज पर क्रेडिट लिंक्ड आजीविका योजना के माध्यम से उद्यमिता को प्रोत्साहन दिया जाएगा। कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने की भी योजना है।
जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने केंद्रीय बजट 2026 की सराहना करते हुए कहा कि यह भविष्य के भारत को मजबूत करने वाला बजट है। प्रदेश के साथ जिले में भी निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं—सड़कों का जाल बिछ रहा है और आवागमन सुलभ हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से बजट के महत्वपूर्ण बिंदुओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष रश्मि दुबे, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, जिला मंत्री अभिषेक बाथम, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह सिसोदिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


