20 C
Lucknow
Wednesday, February 11, 2026

एसपी के निर्देशन में एसजेपीयू व एएचटी की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित

Must read

बच्चों के विशेष रेस्क्यू अभियान, भिक्षावृत्ति, बालश्रम व मानव तस्करी पर प्रभावी रोकथाम को दिए निर्देश

फतेहगढ़: पुलिस अधीक्षक (SP) श्रीमती आरती सिंह के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन फतेहगढ़ में विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) एवं मानव तस्करी रोधी इकाई (AHT) की मासिक प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता नोडल अधिकारी (SJPU & AHT) पुलिस उपाधीक्षक श्री अभय वर्मा ने की।

बैठक में बच्चों से संबंधित अपराधों की रोकथाम, गुमशुदा बच्चों की शीघ्र बरामदगी, विशेष रेस्क्यू अभियान चलाए जाने तथा संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस उपाधीक्षक अभय वर्मा ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक के दौरान भिक्षावृत्ति, बालश्रम, मानव तस्करी एवं अनैतिक देह व्यापार जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस के साथ-साथ संबंधित विभागों—जैसे श्रम विभाग, बाल कल्याण समिति, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सामाजिक संस्थाओं—के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई की जाए।

नोडल अधिकारी ने निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थलों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए। साथ ही बालश्रम में संलिप्त पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि रेस्क्यू किए गए बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा उनके पुनर्वास के लिए संबंधित संस्थाओं से समन्वय स्थापित किया जाए। प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता और मानवाधिकारों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के अंत में कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने, जनजागरूकता अभियान चलाने तथा स्कूलों व सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे इन अभियानों से जनपद में बाल संरक्षण एवं मानव तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में सकारात्मक पहल मानी जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article