– मोहम्मदाबाद के खिरिया मुकुंद गांव में देर रात बवाल
– एक घायल; 315 बोर का खोखा बरामद, नौ नामजद आरोपियों पर मुकदमा
फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम खिरिया मुकुंद में बुधवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आ गए। इस दौरान कथित तौर पर हवाई फायरिंग भी हुई, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि पुलिस ने मौके से 315 बोर का एक खोखा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10:30 बजे किसी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान फायरिंग की आवाज सुनाई दी, जिससे घरों के बाहर सो रहे ग्रामीण घबराकर अपने-अपने घरों के भीतर चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और मोहम्मदाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों पक्षों के अधिकांश लोग मौके से फरार हो गए।
संघर्ष में घायल हुए अर्जुन सिंह को पुलिस ने उपचार एवं चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पुलिस को 315 बोर का एक खोखा भी मिला, जिसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
उपनिरीक्षक उदयपाल सिंह राजावत की तहरीर पर पुलिस ने एक पक्ष के अभय सिंह, निर्भय सिंह, अर्जुन, प्रीतम उर्फ सहदेव, गोलू उर्फ अभय सिंह, शीबू उर्फ सत्येंद्र सिंह तथा दूसरे पक्ष के सुशील सिंह, सुनीत सिंह और अनुज सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार डायल-112 को सूचना मिली थी कि गांव में वर्चस्व को लेकर दो पक्षों के बीच गाली-गलौज, मारपीट और फायरिंग हो रही है। मौके पर पहुंचने पर दोनों पक्षों के लोग आपस में संघर्ष करते मिले, लेकिन पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही आरोपी भाग निकले।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि फायरिंग से पूरे गांव में भय का माहौल बन गया था। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


