38.5 C
Lucknow
Monday, June 29, 2026

निर्माणाधीन हाईवे पर क्रैश हुआ प्रशिक्षण विमान, महिला ट्रेनी पायलट गंभीर

Must read

 

कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। क्यामपुर बहेड़िया क्षेत्र में प्रशिक्षण उड़ान के दौरान एक ट्रेनी विमान अचानक अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन हाईवे पर क्रैश हो गया। हादसा इतना भीषण था कि विमान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। राहत की बात यह रही कि विमान आबादी से दूर निर्माणाधीन सड़क पर गिरा, जिससे कोई बड़ा जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विमान गिरते ही जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और हाईवे निर्माण में लगे मजदूर मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे में फंसी महिला ट्रेनी पायलट को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। विमान के मलबे के आसपास घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी या इंजन फेल होने की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण उड़ान के दौरान पायलट विमान पर नियंत्रण नहीं रख सकीं। हालांकि, विमान किस फ्लाइंग ट्रेनिंग संस्थान का था और उसने किस स्थान से उड़ान भरी थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

घटना की सूचना नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को भी दे दी गई है। डीजीसीए की टीम जल्द ही घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत तकनीकी जांच करेगी। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत और कौतूहल का माहौल बना हुआ है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article