41 C
Lucknow
Thursday, April 23, 2026

प्यासे फरियादी, बंद पड़े आरओ फ्रीजर—तहसील व थानों में पेयजल व्यवस्था पर उठे सवाल

Must read

अमृतपुर, फर्रुखाबाद: अप्रैल की भीषण गर्मी के बीच तहसील अमृतपुर में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमराई नजर आ रही है। लाखों रुपये की लागत से लगाए गए आरओ फ्रीजर बंद पड़े हैं, जिससे तहसील आने वाले फरियादियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि लोगों को एक बूंद पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
तहसील परिसर में स्थापित दो आरओ फ्रीजर लंबे समय से खराब पड़े हैं। एक पर ब्लॉक प्रमुख पल्लव सोमवंशी का नाम अंकित है, जबकि दूसरे पर विधायक सुशील कुमार शाक्य की शिलापट लगी हुई है। इसके बावजूद दोनों ही फ्रीजर शोपीस बने हुए हैं और लोगों को कोई राहत नहीं मिल रही।
बताया जाता है कि इसी प्रकार क्षेत्र के कुछ थानों में लगाए गए आरओ फ्रीजर भी बंद पड़े हैं। इन पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन धरातल पर इनका कोई लाभ नहीं मिल रहा है। ऐसे में पेयजल व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरओ फ्रीजर की स्थापना में अनियमितता और भ्रष्टाचार की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उनका कहना है कि यदि व्यवस्था सही तरीके से लागू होती तो आज लोगों को इस भीषण गर्मी में पानी के लिए परेशान न होना पड़ता।
तहसील और थानों में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में फरियादी और कर्मचारी पहुंचते हैं, लेकिन पीने के पानी की समुचित व्यवस्था न होने से सभी को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग मजबूरी में बाहर से पानी खरीदकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि कहीं अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही बंद पड़े आरओ फ्रीजरों को शीघ्र दुरुस्त कराकर पेयजल व्यवस्था को सुचारु किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article