शाहजहांपुर के थाना मिर्जापुर थाथरमई क्षेत्र के रहने वाले राम गुलेश अपने परिवार के साथ न्याय की मांग को लेकर खिरनी बाग रामलीला मैदान में धरने पर बैठ गए हैं। पीड़ित का आरोप है कि दबंगों ने उनकी ट्रैक्टर-ट्राली पर जबरन कब्जा कर लिया और उनके पेड़ों को अवैध रूप से काट डाला।
राम गुलेश का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक न तो उनकी ट्रैक्टर-ट्राली छोड़ी गई और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई हुई है। उल्टा आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे परिवार में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उनकी पूरी बात सुनी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले में न्याय दिलाने के लिए वह प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे और पीड़ित को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
पीड़ित राम गुलेश ने एसडीएम जलालाबाद पर भी निष्पक्ष कार्रवाई न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन की ओर से अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए, जिससे उन्हें धरने का रास्ता अपनाना पड़ा।
पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर न्याय नहीं मिला तो वह पूरे परिवार के साथ भूख हड़ताल शुरू करेगा। फिलहाल धरना स्थल पर परिवार प्रशासन की ओर से कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठा है।


