– 17 एंबुलेंस व विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीमें रहीं तैनात
– छह जिलों से भी मंगाई गई एंबुलेंस, 23 एएनएम ने संभाला मोर्चा
– सभा स्थल पर 155 लोगों को दवाएं और 1,200 ओआरएस पैकेट वितरित
फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फर्रुखाबाद आगमन और बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत राशि व सामग्री वितरण कार्यक्रम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां कीं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में कार्यक्रम स्थल, पुलिस लाइन, हेलिपैड, सेफ हाउस और अन्य चिन्हित स्थानों पर चिकित्सकीय टीमें तथा एंबुलेंस मुस्तैद रहीं।
आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए विभिन्न स्थानों पर 17 एंबुलेंस आवश्यक उपकरणों और चिकित्सकीय टीमों के साथ तैनात की गईं। स्वास्थ्य विभाग ने स्थानीय व्यवस्था के अलावा कानपुर देहात, इटावा, कन्नौज, औरैया, शाहजहांपुर और एटा से भी एंबुलेंस का सहयोग लिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत रखने के लिए दो एनेस्थेटिस्ट, तीन फिजिशियन, तीन सर्जन, एक पैथोलॉजिस्ट, तीन फिजियोथेरेपिस्ट, एक कार्डियोलॉजिस्ट और एक जनरल सर्जन सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की गई। इसके अलावा फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, वार्ड बॉय, ईएमटी और चिकित्सा अधिकारी समेत पैरामेडिकल स्टाफ को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गईं।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को हेलिपैड, कार्यक्रम स्थल, सेफ हाउस, खाद्य एवं पेय पदार्थों की जांच और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव को नोडल अधिकारी बनाया गया।
गर्मी और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए सभा स्थल पर 23 एएनएम को स्वास्थ्य किट के साथ तैनात किया गया। एनएमएमयू की दो एंबुलेंस भी मौके पर रहीं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने आवश्यकता के अनुसार 155 लोगों को दवाएं वितरित कीं।
इसके साथ ही लोगों को गर्मी और डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए 1,200 ओआरएस पैकेट वितरित किए गए।
पुलिस लाइन स्थित सेफ हाउस में तैनात चिकित्सकीय टीम ने कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्या लेकर पहुंचीं ईशा कांस्टेबल निवासी कमालगंज का परीक्षण किया। उन्हें बुखार और कमजोरी की शिकायत थी। टीम ने जांच के बाद आवश्यक दवा एवं उपचार उपलब्ध कराया।
सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने सभी चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और एंबुलेंस टीमों को निर्धारित स्थानों पर पूरी मुस्तैदी से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर बिना विलंब तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए और जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा केंद्र भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने 17 एंबुलेंस, छह अन्य जिलों की एंबुलेंस, दो एनएमएमयू एंबुलेंस, विशेषज्ञ चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और 23 एएनएम की टीम के माध्यम से बहुस्तरीय स्वास्थ्य सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।


