नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। नवाबगंज नगर पंचायत कार्यालय में शनिवार को बजट चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सदर विधायक सुशील कुमार शाक्य, नगर पंचायत चेयरमैन अनिल कुमार राजपूत, भाजपा जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, आर्थिक प्रकोष्ठ भाजपा के जितेंद्र सिंह सहित कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत चेयरमैन अनिल कुमार राजपूत ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत किया गया बजट समाज के सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग सभी के हितों को साधने वाला है।
विधायक सुशील शाक्य ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान बजट पिछले बजटों से काफी अलग और बेहतर है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की विशेषता यह है कि पुरानी और सफल योजनाओं को आगे भी जारी रखा जाता है, जबकि पिछली सरकारों में योजनाएं बदल दी जाती थीं।
देश में हुआ अभूतपूर्व विकास
विधायक ने देश में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि दस वर्ष पहले सड़कों की हालत बेहद खराब थी, लेकिन आज सड़क, पुल और हाईवे के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि बजट में किसानों से जुड़ी सभी अहम बातों को शामिल किया गया है, जिससे कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।
विधायक शाक्य ने कहा कि पिछले दस वर्षों में ट्रेनों की रफ्तार में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पहले जहां ट्रेनों की औसत गति 80 किलोमीटर प्रति घंटा थी, वहीं अब यह 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई है।
उन्होंने कौशल विकास योजनाओं और जनधन योजना के तहत सभी लोगों के बैंक खाते खुलने को भी बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि देश का विकास तभी संभव है, जब गांवों का विकास होगा।
विधायक ने बताया कि इस बजट में खाद की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत है और लोग स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
विधायक सुशील शाक्य ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने के अभियान पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने की अंतिम तिथि 6 मार्च तक बढ़ा दी गई है। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों से अपील की कि यह सुनिश्चित करें कि कोई भी 18 वर्ष का पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
अपने संबोधन के अंत में विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार के बजट से देश लगातार प्रगति कर रहा है और आने वाले समय में इसका लाभ हर वर्ग तक पहुंचेगा।
इस अवसर पर महावीर राठौर, अरविंद राजपूत, अनुज भदौरिया, विवेक चतुर्वेदी, शिव प्रताप, पवन कठेरिया, आदेश राठौर, शिव मंगल सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।





