25.8 C
Lucknow
Monday, March 9, 2026

सूर्या सेना का ऐतिहासिक कमाल, भारत तीसरी बार बना टी20 वर्ल्ड चैंपियन

Must read

सैमसन की तूफानी पारी और बुमराह की घातक गेंदबाजी से भारत बना सरताज

प्रशांत कटियार

भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया यह मुकाबला भारतीय क्रिकेट के लिए यादगार बन गया, जहां बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों ने मिलकर जीत की मजबूत पटकथा लिखी।

सैमसन की तूफानी बल्लेबाजी

फाइनल मुकाबले में भारत की जीत के सबसे बड़े नायक विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन रहे। उन्होंने 46 गेंदों में 89 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उनकी पारी में चौकों और छक्कों की बरसात देखने को मिली। सैमसन ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बना दिया।
उनकी इस पारी ने भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की मजबूत नींव रखी। सैमसन ने सेमीफाइनल में भी शानदार प्रदर्शन किया था और फाइनल में भी वही आत्मविश्वास और आक्रामकता दिखाई।

अभिषेक और ईशान ने दिलाई तेज शुरुआत

भारत की पारी को मजबूती देने में सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की भी अहम भूमिका रही। अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन की तेजतर्रार पारी खेलते हुए पावरप्ले में ही भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
दूसरी ओर ईशान किशन ने भी 25 गेंदों में 54 रन बनाकर शानदार बल्लेबाजी की। इन दोनों बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी के कारण भारतीय टीम ने 20 ओवर में 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया, जो टी20 विश्व कप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बन गया।

बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने अपनी घातक गेंदों से न्यूजीलैंड की उम्मीदों को पूरी तरह खत्म कर दिया। बुमराह ने 4 ओवर में केवल 14 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके और न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

उनकी सटीक यॉर्कर और तेज गेंदों के सामने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज टिक नहीं सके। बुमराह के अलावा स्पिनर अक्षर पटेल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट हासिल किए और न्यूजीलैंड को बड़ा लक्ष्य हासिल करने से दूर कर दिया।

न्यूजीलैंड की पारी 159 पर सिमटी

256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर मैच पर पकड़ बनाए रखी। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई और भारत ने 96 रन से शानदार जीत दर्ज कर ली।

इस जीत के साथ भारत ने तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। इससे पहले भारत ने 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में पहला टी20 विश्व कप जीता था और 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में दूसरा खिताब हासिल किया था। अब 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में तीसरी बार विश्व चैंपियन बनकर टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया।

भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल देखने को मिला। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मौजूद लाखों दर्शक भारत की जीत के बाद खुशी से झूम उठे। पटाखों और जयकारों के बीच खिलाड़ियों ने ट्रॉफी उठाकर देश को गर्व का एक और अवसर दिया।

टी20 विश्व कप 2026 की यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए एक नई प्रेरणा बनकर सामने आई है और यह दिखाती है कि भारतीय टीम आने वाले वर्षों में भी विश्व क्रिकेट में अपना दबदबा बनाए रखने की क्षमता रखती है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article