अलीगढ़
समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने बुधवार को एसीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। वर्ष 2011 के चर्चित तुर्कमान गेट सामियाना प्लाजा प्रकरण में लंबे समय से अदालत में पेश न होने पर उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सांसद कोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने आत्मसमर्पण करते हुए जमानत अर्जी दाखिल की।
मामला अलीगढ़ के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित तुर्कमान गेट का है, जहां बिना अनुमति जनसभा करने और सामियाना प्लाजा का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश करने के आरोप में सांसद पर मुकदमा दर्ज हुआ था। अदालत में पेशी से लगातार गैरहाजिर रहने पर कोर्ट ने उनके खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एनबीडब्ल्यू जारी किया था।
सरेंडर के बाद मामला एमपी-एमएलए कोर्ट में स्थानांतरित किया गया, जहां सुनवाई के बाद अदालत ने सांसद को जमानत दे दी। कोर्ट परिसर में पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक हलचल तेज रही, हालांकि जमानत मिलने के बाद सांसद बिना मीडिया से बातचीत किए रवाना हो गए।
करीब डेढ़ दशक पुराने इस मामले के फिर सुर्खियों में आने से प्रदेश की सियासत में भी हलचल बढ़ गई है। विपक्ष जहां इसे राजनीतिक दबाव की कार्रवाई बता रहा है, वहीं भाजपा इसे कानून के सामने जवाबदेही का मामला बता रही है।


