22.5 C
Lucknow
Tuesday, February 24, 2026

संकिसा वसंतपुर नगर पंचायत का औचक निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी और पारदर्शिता के निर्देश

Must read

फर्रूखाबाद: प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में जिलाधिकारी डॉ० आशुतोष कुमार द्विवेदी ने संकिसा वसंतपुर नगर पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय अभिलेखों के रख-रखाव, जन्म–मृत्यु पंजीकरण की स्थिति, निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति, स्वच्छता व्यवस्था तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने कार्यालय में संचालित जनसुनवाई कक्ष का अवलोकन करते हुए शिकायत पंजिका और निस्तारण रजिस्टर की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक प्रकरण में वास्तविक समाधान सुनिश्चित कर शिकायतकर्ता को संतुष्ट किया जाए।

निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, हालांकि जिलाधिकारी ने इसे और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने, स्टोर रूम को व्यवस्थित करने तथा कार्यालय परिसर में मूलभूत सुविधाओं की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

डॉ० द्विवेदी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन नियमित रूप से संचालित किया जाए और स्वच्छता अभियान को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। लंबित जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्रों को तत्काल जारी करने तथा प्रमाणपत्र केवल वास्तविक आवेदक को ही उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।

उन्होंने काली नदी पर बने अंत्योष्टि स्थल तक नियमानुसार सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समय में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुँचना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए विकास कार्यों को गति दें और आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरें।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article