31 C
Lucknow
Monday, September 14, 2026

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में फिर गरजा छात्र आंदोलन, महाधरना शुरू

Must read

 

– कुलपति और प्रॉक्टर के इस्तीफे से लेकर फीस वृद्धि वापस लेने तक उठीं मांगे
– छात्र बोले,जरूरत पड़ी तो करेंगे भूख हड़ताल

प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में विभिन्न छात्रहित की मांगों को लेकर सोमवार से एक बार फिर छात्रों का आंदोलन तेज हो गया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने महाधरना शुरू कर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। आंदोलनरत छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से समस्याओं का तत्काल समाधान करते हुए लिखित और समयबद्ध कार्ययोजना जारी करने की मांग की।

छात्रों की प्रमुख मांगों में कुलपति के इस्तीफे, प्रॉक्टर के इस्तीफे, छात्रनेता आशुतोष मौर्य की प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने, फीस वृद्धि पर रोक लगाने और सीटों में की गई कटौती वापस लेने की मांग शामिल है। इसके अलावा केंद्रीय पुस्तकालय एवं छात्रावासों की जर्जर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने, 24 घंटे पुस्तकालय सुविधा उपलब्ध कराने, 24 घंटे मेडिकल एवं स्वास्थ्य केंद्र संचालित करने, स्वच्छ पेयजल और शौचालय की व्यवस्था करने तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग भी छात्रों ने उठाई।
आंदोलन के दौरान छात्रनेता आशुतोष मौर्य ने कार्यवाहक प्रॉक्टर अतुल नारायण की बात सुनने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि जब तक स्थायी प्रॉक्टर की नियुक्ति नहीं होती, तब तक छात्र कार्यवाहक प्रॉक्टर से वार्ता नहीं करेंगे।
छात्रनेता ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से लंबे समय से छात्र समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। इसी कारण छात्रों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर छात्र भूख हड़ताल का रास्ता भी अपनाएंगे।
छात्रों ने विधि संकाय की लाइब्रेरी की छत से पानी टपकने, केंद्रीय पुस्तकालय में जलभराव तथा छात्रावासों में सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर भी नाराजगी जताई। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय जैसे महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान में विद्यार्थियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है।
आंदोलनरत छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से सभी मांगों पर तत्काल वार्ता करने और प्रत्येक समस्या के समाधान की स्पष्ट समयसीमा तय करने की मांग की। छात्रों ने कहा कि आंदोलन लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और छात्रहित में जारी रहेगा।
आंदोलन में अनुराग यादव, प्रियांशु विद्रोही, गौरव गोंड, आयुष महात्मा, मंदीप, ऋषि, सचिन, रोशन, दीपांशु, जामी सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article