चांदी 2.91 लाख किलो तो सोना 1.70 लाख प्रति 10 ग्राम पहुंचा

लखनऊ| अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में सुरक्षित निवेश की मांग तेज होने से घरेलू सराफा बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है। एक ही दिन में चांदी 15 हजार रुपये प्रति किलो और सोना लगभग 7 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हो गया।
उत्तर प्रदेश सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार प्रदेश के प्रमुख बाजारों में चांदी का भाव बढ़कर 2.91 लाख रुपये प्रति किलो और सोना 1.70 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। कारोबारियों का कहना है कि यह तेजी मुख्य रूप से यूनाइटेड स्टेट्स , ईरान और इजराइल के बीच ताजा संघर्ष की स्थिति के कारण आई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि खाड़ी क्षेत्र में अस्थिरता और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से वैश्विक बाजार में अनिश्चितता बढ़ी है। युद्ध जैसे हालात में निवेशक शेयर बाजार से पूंजी निकालकर सोना-चांदी जैसे सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख करते हैं। इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बुलियन की मांग बढ़ी है, जिसका असर भारतीय बाजारों पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव और वैश्विक व्यापार व लॉजिस्टिक्स पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव ने भी सट्टेबाजी को बढ़ावा दिया है। खाड़ी देशों में तनाव के चलते आपूर्ति शृंखला प्रभावित होने की आशंका से कीमतों में तेजी और तेज हो गई है।
घरेलू स्तर पर सहालग (शादी-विवाह का सीजन) चलने के कारण पहले से ही बाजार में मांग बनी हुई थी। वैश्विक परिस्थितियों ने इस मांग को और हवा दे दी है। सराफा कारोबारियों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालात में जल्द स्थिरता नहीं आई तो आने वाले दिनों में कीमतों में और बढ़ोतरी से इनकार नहीं किया जा सकता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here