नवादा: बिहार में नवादा की वारिसलीगंज पुलिस ने ऑनलाइन लोन (online loans) के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले साइबर अपराध (Cyber crimes) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। दरअसल पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने कल 24 अगस्त को 3 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी करते हुए इन 7 साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 15 एंड्रॉयड फोन भी बरामद किया है।
एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी और थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी ने प्रेस वार्ता करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, पुलिस की पहली कार्रवाई चकवाय से गौसपुर जाने वाली सड़क के पास एक बगीचे में हुई। यहां से तीन आरोपियों को छह मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके बाद चैनपुरा बजरंगबली मंदिर के पास स्थित बगीचे में छापेमारी कर दो आरोपियों को सात मोबाइल के साथ पकड़ा गया। वहीं, तीसरी कार्रवाई चकवाय के मीर बिगहा स्थित ईंट भट्ठे के पास की गई, जहां से दो अन्य आरोपी दो मोबाइल के साथ गिरफ्तार हुए।
पूछताछ के दौरान आरोपियो ने पुलिस को बताया कि वे लोगों से बजाज फाइनेंस और रिलायंस फाइनेंस जैसी बड़ी कंपनियों का प्रतिनिधि बनकर मुलाकात करते थे। इसके बाद साइबर अपराधी ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसाते थे। लोन के नाम पर लोगों से पैन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और फोटो जैसे जरूरी दस्तावेज मांगते थे। इसके बाद लोन की प्रोसेसिंग फीस के नाम पर उनसे पैसे ऐंठ लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव कुमार, शुभम कुमार, कन्हैया कुमार, सन्तु कुमार, सौरभ कुमार, साहिल कुमार और सचिन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में वारिसलीगंज थाने में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद साइबर अपराधियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।


