फर्रुखाबाद। हिंदी साहित्य भारती की बैठक सरस्वती विद्या मंदिर जयनारायण वर्मा रोड फतेहगढ़ मे आयोजित की गई। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की पत्नी एवम् साहित्य भारती की प्रदेश उपाध्यक्ष वंदना द्विवेदी रहीं। अध्यक्षता संस्था के जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश मिश्रा ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यामंदिर की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत करके किया गया। संस्था की महिला महामंत्री भारती मिश्रा ने शाल ओढ़ाकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कवियत्री प्रीती तिवारी एवं स्मृति अग्निहोत्री ने काव्यपाठ किया।प्रांतीय उपाध्यक्ष प्रभात अवस्थी ने जिले मे अधिक से अधिक लोगों को संस्कार भारती से जोड़ने पर बल दिया।
संस्था के महामंत्री आलोक बिहारी शुक्ला एवम् भारती मिश्रा ने हिंदी के प्रचार प्रसार के लिए समाज के हर वर्ग के लोगों को संस्था की सदस्यता दिलाने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया। संस्था के कोषाध्यक्ष डा0 पी डी शुक्ला ने संस्था से जुड़े सभी सदस्यों से संस्था के कोष मे सदस्यता शुल्क जमा करने तथा अधिक से अधिक सदस्य संस्था से जोड़ने की अपील की।
मुख्य अतिथि वंदना द्विवेदी ने अंतर्राष्ट्रीय संस्था हिंदी साहित्य भारती के द्वारा विदेशों मे हिंदी का झंडा बुलंद करने की सराहना की। उन्होंने कहा हम लोगों को हिंदी के प्रचार प्रसार के लिए सतत् प्रयत्नशील रहना चाहिए। उन्होंने बैठक मे मौजूद कवि एवम् साहित्यकारों को अधिक से अधिक हिंदी साहित्य लेखन के लिए कहा। उन्होंने कहा कि हिंदी साहित्य एवं कविता समाज को सही दिशा मे मिल जुलकर के चलने के लिए प्रोत्साहित करता है। हिंदी साहित्य पढ़ने वाला युवा दिशाहीन होने से बचता है। हिंदी साहित्य और भाषा का बोध अच्छे समाज का निर्माण करता है।
कार्यक्रम के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश मिश्रा ने बैठक मे आए लोगों का आभार व्यक्त किया। बैठक मे कृष्ण कांत अक्षर,एस एन मिश्रा, अंजुम दुबे, उत्कर्ष अग्निहोत्री आदि लोग मौजूद रहे।





