रोडवेज बस को ओवरटेक करने को लेकर सड़क पर हंगामा, रोडवेज चालकों ने लगाया जाम

0
45

थाना प्रभारी कादरी गेट राजेश कुमार सिंह वह यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने कड़ी मशक्कत के बाद समझा बूझकर मामला किया शांत
फर्रुखाबाद। देर रात्रि उस समय हड़कंप मच गया जब रोडवेज बस को ओवरटेक करने की बात को लेकर सरकारी बस चालक और एक प्राइवेट बस चालक के बीच जोरदार कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि गुस्साए रोडवेज बस चालकों ने बस स्टैंड के बाहर विश्व रोड पर बसें खड़ी कर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया।
इस अचानक हुए जाम से सड़क पर अफरातफरी मच गई। कई वाहन जाम में फंस गए, जिसमें एक एंबुलेंस भी शामिल थी जो एक मरीज को अस्पताल ले जा रही थी। इसके अलावा परीक्षा देने जा रहे कई छात्र-छात्राएं भी समय पर नहीं पहुंच सके, जिससे उनकी परीक्षा प्रभावित होने की आशंका है।
जैसे ही जाम और हंगामे की सूचना प्रशासन को मिली, थाना कादरी गेट के प्रभारी राजेश कुमार सिंह और यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए चालकों को समझाया-बुझाया और जाम को शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त कराया।
करीब एक घंटे तक चले इस हंगामे से शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद रोडवेज चालकों ने बसें हटाईं और यातायात को सामान्य किया गया।
थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि, “सड़क पर विवाद की वजह से अस्थायी जाम की स्थिति बनी थी। दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला सुलझा लिया गया है। भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।”
स्थानीय लोगों में नाराजगी
जाम के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए ताकि सड़कें सार्वजनिक कल्याण के बजाय निजी विवादों का केंद्र न बनें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here