फतेहपुर
पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गुम और चोरी हुए 210 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 32 लाख रुपये बताई गई है। मंगलवार को पुलिस लाइन के मनोरंजन कक्ष में एक कार्यक्रम आयोजित कर इन मोबाइलों को उनके असली मालिकों को वापस सौंपा गया।
ये सभी मोबाइल जिले के अलग-अलग भीड़भाड़ वाले स्थानों से गुम हुए थे या चोरी की घटनाओं में गायब हो गए थे। कई मामलों में मोबाइल गिर जाने की शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। मोबाइल मालिकों द्वारा संबंधित थानों में प्रार्थना पत्र दिए जाने के बाद पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी मदद से इनकी तलाश शुरू की थी।
जिले के विभिन्न थानों की संयुक्त कार्रवाई के बाद धीरे-धीरे सभी 210 मोबाइल ट्रेस कर बरामद कर लिए गए। इस अभियान में तकनीकी टीम और स्थानीय पुलिस की सक्रिय भूमिका रही, जिसके चलते बड़ी संख्या में मोबाइल वापस मिल सके।
मोबाइल वापस मिलने के बाद उनके मालिकों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। कई लोगों ने बताया कि वे उम्मीद छोड़ चुके थे, लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई ने उन्हें बड़ी राहत दी है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि ये मोबाइल उनकी मेहनत की कमाई से खरीदे गए थे और नए फोन खरीदना उनके लिए आसान नहीं था।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि बरामद किए गए मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 32 लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि कई लोग ऐसे थे जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और मोबाइल खोने के बाद परेशान थे, इसलिए यह कार्रवाई उनके लिए बड़ी राहत लेकर आई है।
एसपी ने आम जनता से अपील की कि यदि किसी का मोबाइल गुम या चोरी हो जाए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि सर्विलांस सिस्टम की मदद से उसे जल्द से जल्द ट्रेस किया जा सके। कार्यक्रम में मोबाइल प्राप्त करने वालों में मीना देवी, राकेश कुमार और दानिश समेत कई लोग शामिल रहे, जिन्होंने पुलिस का आभार जताया।


