मोहम्मदाबाद| कस्बा मोहम्मदाबाद के इंद्रा नगर निवासी स्वर्गीय जगरूप कठेरिया के 24 वर्षीय पुत्र भानु प्रताप ने वर्ष 2024 की यूपी पीसीएस परीक्षा में 205वीं रैंक प्राप्त कर नायब तहसीलदार पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से परिवार सहित पूरे कस्बे में खुशी का माहौल है।
भानु प्रताप के मामा रत्नेश प्रताप ने बताया कि लगभग 20 वर्ष पूर्व उनके जीजा जगरूप सिंह का डेंगू के कारण निधन हो गया था, उस समय सभी बच्चे छोटे थे। भानु प्रताप तब मात्र चार वर्ष के थे और चार भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर हैं। पिता के निधन के बाद मामा ने ही परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया।
भानु की प्रारंभिक शिक्षा मदर मेमोरियल स्कूल में हुई, जहां कस्बे के शिक्षक साहिबे आलम उर्फ बंटू सर का विशेष योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन में भानु की बुनियाद मजबूत हुई और पढ़ाई के प्रति रुचि विकसित हुई। इसके बाद कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई रामकृष्ण मेमोरियल स्कूल, मोहम्मदाबाद से पूरी की। विद्यालय में आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में उन्होंने जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त कर कंप्यूटर पुरस्कार हासिल किया था।
उच्च शिक्षा के लिए भानु प्रताप ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर छठवीं रैंक प्राप्त की और वहीं से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। पिछले दो वर्षों से लगातार मेहनत करते हुए उन्होंने यूपी पीसीएस परीक्षा 2024 में सफलता प्राप्त की।
रत्नेश प्रताप ने बताया कि भानु प्रताप ने यूपी पीसीएस 2025 की प्रारंभिक परीक्षा भी उत्तीर्ण कर ली है और वर्तमान में लखनऊ में मुख्य परीक्षा दे रहे हैं, जो 29 मार्च से शुरू होकर 1 अप्रैल तक चलेगी। इसके बाद 2 अप्रैल को वह अपने गृह जनपद लौटेंगे।
परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य रही है। उनकी माता ममता देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। बड़े भाई सूरज प्रताप स्नातक कर कपड़ों का व्यवसाय करते हैं, जबकि बहन रक्षांद्री बीटीसी और सुरभि बीएड की पढ़ाई कर रही हैं। मामा रत्नेश प्रताप उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की खिमसेपुर शाखा में कार्यरत हैं।
भानु प्रताप की सफलता को उनके संघर्ष, मामा के सहयोग और गुरुजनों के मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को प्रेरणा मिल रही है।
मामा की मेहनत रंग लाई, भांजे ने यूपी पीसीएस में 205वीं रैंक पाकर नायब तहसीलदार पद हासिल किया


