आगरा। थाना शाहगंज क्षेत्र की रामस्वरूप कॉलोनी में गुरुवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक ऑटो चालक को कथित रूप से उसकी पत्नी और कुछ अन्य लोगों द्वारा पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार घायल युवक चांद, जो पेशे से ऑटो चालक है और रामस्वरूप कॉलोनी का निवासी है, गुरुवार रात सवारी छोड़कर घर लौट रहा था। आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में उसकी पत्नी शबनम और अन्य लोगों ने उसे रोक लिया और उस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे चांद को तत्काल परिजन एसएन मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
परिवार का कहना है कि चांद ने दो वर्ष पूर्व आजम पाड़ा निवासी शबनम से निकाह किया था। बताया जा रहा है कि शबनम के पहले पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी थी। आरोप है कि विवाह के दो साल बाद इसी माह शबनम ने बिना तलाक लिए किसी अन्य व्यक्ति से शादी कर ली, जिससे दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही शाहगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है और पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच में जुटी है।
पति को जिंदा जलाने का प्रयास, हालत नाजुक


