सुगम दर्शन के नाम पर उगाही का पर्दाफाश

0
77

दूसरे दिन भी अभियान जारी, कुल 17 दलाल गिरफ्तार

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा काल भैरव मंदिर में सुगम दर्शन के नाम पर चल रही धन उगाही के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कोतवाली पुलिस ने दो दिनों में कुल 17 दलालों को गिरफ्तार कर लिया है।
पहले दिन पुलिस ने काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में अभियान चलाकर 7 दलालों को गिरफ्तार किया। ये सभी श्रद्धालुओं को विशेष प्रवेश और जल्दी दर्शन कराने का झांसा देकर 500 से 2,000 रुपये तक की उगाही कर रहे थे। तलाशी के दौरान इनके पास से नकदी, फर्जी टिकट व अन्य सामग्री बरामद की गई।
अगले दिन बाबा काल भैरव मंदिर के बाहर भी दर्शन के नाम पर उगाही की शिकायतें मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की। यहां से 10 दलालों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। ये लोग मंदिर के बाहर खड़े होकर VIP दर्शन और तेज लाइन का हवाला देकर श्रद्धालुओं से पैसे वसूलते थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंदिरों में भीड़ बढ़ने पर इस तरह की शिकायतें अक्सर आती हैं, लेकिन इस बार शिकायतों की संख्या अधिक होने पर विशेष अभियान चलाया गया। दोनों मंदिर परिसरों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।
कोतवाली पुलिस ने साफ किया है कि श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here