शाहजहांपुर: INTUC–INDWF फेडरेशन एवं इंडियन नेशनल डिफेंस वर्कर्स फेडरेशन (Federation and Indian National Defence Workers Federation) के आह्वान पर गुरुवार को आयुध वस्त्र निर्माणी, शाहजहांपुर (Shahjahanpur) में राष्ट्रव्यापी हड़ताल के तहत कर्मचारियों ने एक घंटे का कार्य बहिष्कार कर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने एकजुट होकर श्रमिक विरोधी काले श्रम कानूनों का विरोध जताया और अपनी मांगों को प्रमुखता से रखा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कर्मचारियों ने अनुशासित ढंग से प्रदर्शन करते हुए चार श्रम संहिताओं को वापस लेने, रक्षा उद्योग के निगमकरण व निजीकरण पर रोक लगाने, रिक्त पदों को शीघ्र भरने तथा पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान इंडियन नेशनल डिफेंस वर्कर्स फेडरेशन (INDWF) के असिस्टेंट सेक्रेट्री श्री अमन कुमार ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों की लंबे समय से अनदेखी की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में व्यापक असंतोष है। उन्होंने श्रमिक विरोधी नीतियों को वापस लेकर कर्मचारियों के हितों की रक्षा की मांग की। यूनियन अध्यक्ष श्री मुकेश कुमार ने कहा कि कर्मचारी लोकतांत्रिक तरीके से लगातार अपनी मांगें उठा रहे हैं और सरकार व प्रबंधन से समस्याओं के शीघ्र समाधान की अपील की।
वहीं महामंत्री श्री वसीम अहमद ने कर्मचारियों की एकता को उनकी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। कार्यक्रम में अजय, अमित, शारिक, विमल, रवि कमल, देवी शरण, आबिद, परवेज, संजीव, शबाब, अमित, अंकित, भरत, सुरेंद्र, अतुल, अभिषेक, महेश, रामवीर, जोखीराम, नीरज, रफीक, सतेंद्र, इजहार, देशबीर, रामरूप, चंद्रप्रकाश सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल रहे। प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा।


