हरदोई जिले में साइबर क्राइम पुलिस ने मार्च माह के दौरान ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चार अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पीड़ितों के कुल 11,00,335 रुपये वापस कराए हैं। इस कार्रवाई से न केवल पीड़ितों को राहत मिली है, बल्कि साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश भी गया है।
साइबर क्राइम पुलिस को मार्च महीने में ऑनलाइन ठगी से संबंधित कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें लोगों के बैंक खातों से धोखाधड़ी के जरिए पैसे निकाल लिए गए थे। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी सहायता से आरोपियों द्वारा ट्रांजैक्ट की गई धनराशि को ट्रेस किया।
तेज और प्रभावी कार्रवाई के चलते पुलिस ने संबंधित बैंक खातों में धनराशि को फ्रीज कराकर पीड़ितों के खाते में वापस कराया। कुल मिलाकर चार मामलों में 11 लाख रुपये से अधिक की रकम वापस दिलाई गई। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़ितों ने खुशी जाहिर की और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि साइबर अपराधों को रोकने के लिए लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी या बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें, क्योंकि इससे धोखाधड़ी का खतरा बढ़ जाता है।
उन्होंने यह भी बताया कि साइबर क्राइम से जुड़े लंबित मामलों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। पुलिस का उद्देश्य है कि लोगों को सुरक्षित डिजिटल वातावरण प्रदान किया जाए और साइबर ठगी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।


