मोहम्मदाबाद:
थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम करथिया में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का विरोध व मारपीट और अभद्रता करने पर न्यायालय के आदेश से पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
करथिया निवासी मनोरमा पत्नी विपिन सिंह उर्फ छोटे ललू द्वारा न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज करवाया है कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री मोहम्मदाबाद स्थित भारतीय विद्यालय इंटर कॉलेज में पढ़ती है और प्रतिदिन पैदल विद्यालय जाती है। आरोप है कि रास्ते में पड़ने वाले ग्राम किलमापुर निवासी अनुरुद्ध उर्फ रिक्की पुत्र ओमपाल सिंह आए दिन छात्रा से छेड़छाड़ करता था।
पीड़िता के अनुसार 8 मार्च 2026 को उसके पति विपिन सिंह आरोपी पक्ष से शिकायत करने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां ओमपाल सिंह, सतेन्द्र सिंह पुत्र दगपाल सिंह, अनुरुद्ध उर्फ रिक्की, अम्बुज पुत्र ओमपाल सिंह, विक्रम उर्फ विक्की तथा शिब्बू पुत्र सतेन्द्र सिंह ने गाली-गलौज कर विवाद किया।
पीड़िता ने बताया कि सभी उक्त लोग एकराय होकर पीड़िता के घर पहुंच गए और मारपीट करने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि इस दौरान महिला के साथ अभद्रता की गई तथा नाबालिग को कमरे में ले जाकर गलत कार्य करने का प्रयास किया गया। मोहल्ले के लोगों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।
आरोपी सतेन्द्र सिंह के खिलाफ पूर्व में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज हो चुका है और वह वर्तमान में जमानत पर है।
पीड़िता का आरोप है कि थाने में तहरीर दी। उच्च अधिकारी से शिकायत करने पर भी कोई असर नहीं हुआ।
न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने छहों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर अभियोग पंजीकृत कर विवेचना की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


