क्रासर
समान कार्य-समान वेतन और नियमितीकरण की मांग को लेकर जिलेभर के करीब 250 कर्मचारी रहे शामिल, 12 अक्टूबर को लखनऊ कूच करने की तैयारी
फर्रुखाबाद। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संघ के तत्वावधान में गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय परिसर में पूर्व घोषित पूर्ण हड़ताल की गई। इसमें जनपदभर के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारियों ने भाग लेकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चली हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने समान कार्य के लिए समान वेतन, नियमितीकरण सहित छह सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया।
संविदा कर्मचारियों का कहना है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों के समान सुविधाएं और सुरक्षा नहीं मिल पा रही हैं। लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर कर्मचारी आंदोलन करने को मजबूर हैं। संघ ने मांग की कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें वेतन, चिकित्सा सुविधा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े लाभ उपलब्ध कराए जाएं।
संघ की प्रमुख मांगों में समान कार्य-समान वेतन और संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण शामिल है। इसके अलावा कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता, कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ), मकान किराया भत्ता (एचआरए), ग्रेच्युटी का लाभ तथा अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति जैसी सुविधाएं देने की मांग की गई। कर्मचारियों ने कहा कि इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर उनका समाधान किया जाना चाहिए।
हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि आंदोलन के बावजूद आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित नहीं किया गया। संघ की ओर से बताया गया कि आठ से 10 अक्टूबर तक जनपद मुख्यालय पर आंदोलन जारी रहेगा। इसके बाद 12 अक्टूबर को जिलेभर के संविदा कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लखनऊ के लिए कूच करेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रखने की रणनीति पर विचार किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन गीतांजलि राखी ने किया, जबकि जिलाध्यक्ष बृजेश अग्निहोत्री ने अध्यक्षता की। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रतीप कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष रेनू, कोषाध्यक्ष नरेंद्र चौरसिया, रुपेश कुमार, कपिल गुप्ता, डॉ. स्थान सिंह, क्षमा चतुर्वेदी, ज्योति, रोशनी, हरद्वारी, कुमारी आरती, साधना सहित बड़ी संख्या में एनएचएम संविदा कर्मचारी मौजूद रहे। संघ के अनुसार, हड़ताल में करीब 250 कर्मचारियों ने सहभागिता की।
संविदा कर्मचारियों ने शासन से मांग की कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए छह सूत्रीय मांगों पर शीघ्र निर्णय लिया जाए, ताकि उन्हें कार्य के अनुरूप वेतन और आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
एनएचएम संविदा कर्मचारियों की पूर्ण हड़ताल, छह सूत्रीय मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय परिसर में दिया धरना


