17.9 C
Lucknow
Monday, March 2, 2026
Home Blog Page 32

सात माह से वेतन बकाया, जवाहर तापीय परियोजना में दूसरे दिन भी श्रमिकों की हड़ताल जारी

0

 

एटा

जिले स्थित जवाहर तापीय परियोजना में वेतन भुगतान न होने से आक्रोशित श्रमिकों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। सात माह से वेतन न मिलने के कारण मजदूरों ने काम बंद कर प्रदर्शन तेज कर दिया है, जिससे प्लांट का कार्य प्रभावित होने लगा है। श्रमिकों का कहना है कि लंबे समय से आश्वासन मिल रहा था, लेकिन भुगतान नहीं किया गया, जिसके चलते उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
पॉवर प्लांट परिसर में बड़ी संख्या में कर्मचारियों और श्रमिकों ने एकत्र होकर नारेबाजी की और बकाया वेतन जल्द दिलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। कई मजदूरों ने बताया कि परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जरूरतों का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। सात महीने से वेतन न मिलने के कारण उनके सामने रोजमर्रा की समस्याएं खड़ी हो गई हैं।
उधर मैन पावर कंपनियों ने भी मुख्य निर्माण कंपनी दुसान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कंपनियों का आरोप है कि मुख्य कंपनी ने पिछले दो वर्षों से करोड़ों रुपये का भुगतान रोक रखा है। उनका कहना है कि जब तक उन्हें बकाया धनराशि नहीं मिलेगी, तब तक वे श्रमिकों को वेतन देने की स्थिति में नहीं हैं। मैन पावर कंपनियों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है और मामले की जांच कराते हुए भुगतान सुनिश्चित कराने की अपील की है।
हड़ताल के चलते परियोजना में चल रहे निर्माण और रखरखाव कार्यों पर असर पड़ने लगा है। सूत्रों के अनुसार यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो प्लांट के संचालन पर भी प्रभाव पड़ सकता है। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है, जबकि श्रमिकों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
जवाहर तापीय परियोजना प्रदेश की महत्वपूर्ण ऊर्जा परियोजनाओं में गिनी जाती है। ऐसे में वेतन विवाद के चलते काम प्रभावित होना न केवल श्रमिकों बल्कि ऊर्जा उत्पादन व्यवस्था के लिए भी चिंता का विषय बन गया है। अब देखना होगा कि शासन और संबंधित कंपनियां इस विवाद का समाधान कब तक निकाल पाती हैं।

मानव संपदा पोर्टल पर संपत्ति विवरण न भरने पर 13 स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन रोका, सीएमओ ने जारी किया नोटिस

0

एटा। स्वास्थ्य विभाग में लापरवाही बरतना 13 कर्मचारियों को महंगा पड़ गया। मानव संपदा पोर्टल पर अपनी चल-अचल संपत्ति का विवरण दर्ज न करने के कारण इन कर्मचारियों का वेतन रोक दिया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है और स्पष्ट चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ कार्यालय स्थित मलेरिया विभाग में करीब 14 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें मलेरिया निरीक्षक समेत अन्य स्टाफ शामिल है। शासन स्तर से सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया गया था कि वे मानव संपदा पोर्टल पर अपनी संपत्ति का विवरण भरकर डाटा लॉक करें। यह प्रक्रिया अनिवार्य की गई थी ताकि कर्मचारियों की संपत्ति का अद्यतन रिकॉर्ड विभाग के पास उपलब्ध रहे।
बताया गया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर केवल एक कर्मचारी ने ही पोर्टल पर अपनी संपत्ति का विवरण दर्ज कर डाटा लॉक किया, जबकि शेष 13 कर्मचारियों ने इस आदेश की अनदेखी की। इसे प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना मानते हुए विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।
सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि शासन द्वारा मानव संपदा पोर्टल पर संपत्ति विवरण भरने का स्लॉट फिलहाल लॉक कर दिया गया है। जिन कर्मचारियों ने समय रहते विवरण नहीं भरा, उन्हें अब अगला अवसर मिलने तक इंतजार करना होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन कर्मचारियों का विवरण लंबित है, उनका वेतन फिलहाल रोका गया है और होली के अवसर पर भी उन्हें वेतन प्राप्त नहीं होगा।
इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। कर्मचारियों के बीच चर्चा है कि भविष्य में ऐसे आदेशों की अनदेखी भारी पड़ सकती है। विभागीय सूत्रों के अनुसार शासन पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए संपत्ति विवरण को अनिवार्य रूप से लागू कर रहा है, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता पर अंकुश लगाया जा सके।

दहेज में पांच लाख की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को घर से निकाला, कोर्ट के आदेश पर सात पर एफआईआर

0

मैनपुरी। दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को प्रताड़ित कर घर से निकाल देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और धमकी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मामला एलाऊ थाना क्षेत्र का है।
एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव अजीतगंज निवासी गायत्री देवी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनका विवाह 23 फरवरी 2025 को रोहित उर्फ रकी निवासी गांव ताहरपुर, थाना टप्पल जनपद अलीगढ़ के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के समय सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया गया, लेकिन आरोप है कि शादी के महज 15 दिन बाद ही ससुराल पक्ष ने पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी।
पीड़िता के अनुसार मांग पूरी न होने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। आए दिन ताने दिए जाते थे और मारपीट की जाती थी। आरोप है कि पति, सास-ससुर समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने मिलकर उसे परेशान किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। अंततः मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया।
पीड़िता ने बताया कि उसने कई बार समझौते का प्रयास किया, लेकिन ससुराल पक्ष अपनी मांग पर अड़ा रहा। न्याय न मिलने पर उसने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पति रोहित उर्फ रकी समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साक्ष्य और बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पीड़िता अपने मायके में रह रही है और न्याय की मांग कर रही है। यह मामला एक बार फिर दहेज प्रथा की कड़वी सच्चाई को उजागर करता है, जिसके खिलाफ कानून होने के बावजूद घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।

बेगुसराय में पति ने व्हाट्सएप पर पत्नी को दिया तलाक, एनसीडब्ल्यू ने संज्ञान लिया और पुलिस रिपोर्ट मांगी

0

बेगुसराय: बिहार के बेगुसराय (Begusarai) जिले में एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने व्हाट्सएप पर तीन तलाक का संदेश भेजकर उसे तलाक दे दिया और बार-बार दहेज की मांग करने पर दोबारा शादी कर ली। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। महिला ने न्याय की गुहार लगाते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) से संपर्क किया है। आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए स्थानीय पुलिस अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।

शिकायत के अनुसार, यह घटना फुलवारिया थाना क्षेत्र की है और लगभग दो साल पुरानी है। महिला ने आरोप लगाया कि उसकी शादी 11 मार्च, 2022 को हुई थी और शादी के समय उसके परिवार ने 51,000 रुपये नकद दिए थे। लगभग तीन महीने बाद, उसके ससुराल वालों ने कथित तौर पर 5 लाख रुपये दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर, उसे कथित तौर पर प्रताड़ित किया गया और बाद में घर से निकाल दिया गया।

महिला ने आगे आरोप लगाया कि उसका पति उसे वापस दिल्ली ले गया, जहां उसने व्यापार के बहाने उसकी मां से 5 लाख रुपये ले लिए। उसने दावा किया कि उसकी मां ने गहने गिरवी रखकर और कर्ज लेकर रकम जुटाई। इसके अलावा, उसके बैंक खाते में जमा 14 लाख रुपये कथित तौर पर उसके पति ने निकाल लिए। उसने दावा किया कि अब तक उससे और उसके परिवार से कुल 16-17 लाख रुपये लिए जा चुके हैं।

उसने पैसे वापस मांगने पर शारीरिक हमले का भी आरोप लगाया। 17 मार्च, 2024 को, पति ने कथित तौर पर एक संदेश भेजकर उसे सूचित किया कि वह दोबारा शादी करने की योजना बना रहा है।

महिला ने दावा किया कि पिछले दो वर्षों में बार-बार पुलिस से संपर्क करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनके वकील ने जांच में खामियों का आरोप लगाते हुए कहा कि मामले में उचित धाराएं नहीं लगाई गईं। जायसवाल ने कहा, “इसके अलावा, जांच में लापरवाही बरती गई। यह एक गंभीर आपराधिक मामला है, लेकिन उचित धाराएं नहीं लगाई गईं। हम उच्चतम स्तर पर न्याय की मांग करेंगे।”

एनसीडब्ल्यू सदस्य ममता कुमारी ने कहा कि आयोग ने संबंधित पुलिस अधिकारी से दो दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा, “केवल कानून पर्याप्त नहीं है। इसलिए, समाज को एकजुट होना होगा और सामाजिक जागरूकता आवश्यक है। तीन तलाक बंद करो, दहेज प्रथा समाप्त करो, और इसमें समाज की भूमिका महत्वपूर्ण है। हमें शिकायत मिली है और हम मामले की जांच करेंगे। महिलाओं को न्याय मिलेगा।” कुमारी ने आगे की जांच जारी रखी है।

 

28 वर्षीय युवक ने फाँसी लगाकर दी जान, घर में मचा कोहराम

0

जौनपुर: जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के कौली गांव में 28 वर्षीय युवक ने फाँसी लगाकर जान (death) दे दिया। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे पत्नी सीमा देवी को जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। मृतक अपनी ससुराल में नेवासा पर रह रहा था। उक्त गांव निवासी संतोष कुमार सरोज किसी बात से नाराज होकर घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दिया।

घटना के समय पत्नी सीमा को जानकारी नहीं हो सकी। कमरे का बन्द दरवाजा खोलने के दौरान पत्नी की आवाज पर पहुंचे पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ कर उसे बाहर निकाल एम्बुलेंस से नौपेड़वा बाजार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने कहा कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है। मृतक अभी निःसन्तान था। फिलहाल पूरे मामले की छानबीन चल रही है।

 

 

रफ्तार का कहर: मदारपुर चौराहे पर आमने-सामने टकराई दो बाइकें, दोनों चालकों की दर्दनाक मौत!

0

बाराबंकी (कोठी): कोठी थाना क्षेत्र के मदारपुर चौराहे के पास शुक्रवार की रात दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच हुई आमने सामने की जोरदार टक्कर में दोनों चालकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनो बाइकों के परखच्चे उड़ गए और लोहे के पुर्जे सड़क पर खिलौनों की तरह बिखर गए।

भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। राहगीरों ने तुरंत खून से लथपथ दोनों घायलों को कोठी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।मृतकों में दीपक कुमार निवासी पुरे खुशली (मजरे नसीरपुर)है।व रवि: पुत्र हरिश्चंद्र, निवासी मोहम्मदपुर हुसैन बक्स शामिल है।दीपक सैदपुर पुरई स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत थे।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि लिखा पढ़ी कर कार्यवाही की जा रही है।