27 C
Lucknow
Tuesday, March 24, 2026
Home Blog Page 3185

‘हमें किडनैप कर लिया गया है…’, इजरायली ऑपरेशन के बाद ग्रेटा थनबर्ग ने जारी किया पहला वीडियो

0

नई दिल्ली। इजरायली सेना ने गाजा की ओर बढ़ रहे पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग सहित अन्य 11 मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के जहाज को बीच रास्ते में ही रोककर उसे कब्जे में ले लिया है। बता दें कि ग्रेटा सहित जहाज में सवार सभी लोगों को इजरायली सेना ने डिटेन कर लिया है और उन्हें इजरायल ले जाया गया है।

इस बीच ग्रेटा ने वीडियो जारी कर बताया है कि उन्हें और उनके साथियों को किडनैप कर लिया गया है। वीडियो में ग्रेटा ने कहा कि मेरा नाम ग्रेटा थनबर्ग है। मैं स्वीडन से हूं। अगर आप ये वीडियो देख रहे हैं, तो बता दूं कि इजरायली सेना और इजरायल का समर्थन करने वाली सेना ने हमें इंटरनेशनल वॉटर में रोककर किडनैप कर लिया है। मैं अपने सभी दोस्तों, परिवार और सहयोगियों से अनुरोध करती हूं कि मुझे और मेरे सहयोगियों को जल्द से जल्द रिहा कराने के लिए स्वीडन सरकार पर दबाव बनाएं।

गाजा पहुंचने के लिए इटली के सिसली से एक जून को रवाना हुए इस जहाज का नाम The Madleen है, जो मानवाधिकार संगठन Freedom Flotilla Coalition (FFC) से जुड़ा हुआ है, लेकिन सोमवार सुबह इजरायल की 5 स्पीड बोट्स ने जहाज को घेर लिया। इसके बाद सैनिकों ने जहाज पर चढ़कर उसे अपने कंट्रोल में ले लिया। यह जहाज गाजा के लोगों के लिए राहत सामग्री लेकर जा रहा था। मैडलीन नाम के इस जहाज पर 12 लोग सवार हैं। सभी इजरायल सेना की हिरासत में हैं।

इस जहाज में चिकित्सा सुविधाएं, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान है। इस जहजा में ग्रेटा थनबर्ग  के साथ-साथ 11 अन्य कार्यकर्ता भी हैं, जिनमें फ्रांस की सांसद रीमा हसन, जर्मनी की यासमीन जार, फ्रांस के बैप्टिस्टे आंद्रे, ब्राजील के थियागो अविला, फ्रांस के उमर फईद, पैस्कल और यानीस महादी, तुर्किए के सूयाब ओर्दू, स्पेन के सर्गियो टॉर्बियो, नीदरलैंड्स के मार्को वैन रेन्स और फ्रांस की रेवा वियार्ड शामिल हैं।

बता दें कि ग्रेटा थनबर्ग  की इस गाजा यात्रा पर इजरायल की सेना ने आपत्ति जताई थी इजरायली सेना  के प्रवक्ता एफी डेफ्रिन  ने कहा था कि हम इस पर नजर रखे हुए हैं। ग्रेटा थनबर्ग  दुनियाभर के 11 और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जहाज से गाजा के लिए रवाना हुई थी। इस दौरान जहाज से खींची गई उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। इनमें वह फिलिस्तीन का झंडा पकड़े देखी गई थी। उन्हें गाजा के समर्थन में नारे लगाते देखा गया था।

बता दें कि गाजा में 2007 से इजरायल की नौसेना की नाकेबंदी है, जो सामान और लोगों की आवाजाही को प्रतिबंधित करता है। फ्रीडम फ्लोटिला  इजरायल की इस नाकेबंदी को प्रतीकात्मक रूप से तोड़ने का प्रयास है, जिसे इजरायल अवैध और उकसाने वाला मानता है।

दो भाजपाई उप मुख्यमंत्री, दो समाज के लोगों को आपस में लड़वा रहे…, अखिलेश यादव ने भाजपा पर लगया बड़ा आरोप

0

यूपी के कौशांबी में रेप के आरोपी के पिता रामबाबू तिवारी की आत्महत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में कुछ लोग बच्ची से रेप पीड़िता के समर्थन में खड़े नजर आ रहे हैं तो कुछ रामबाबू तिवारी के परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर समाज को बांटने का आरोप लगाया है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिया कहा कि कौशांबी में दो भाजपाई उप मुख्यमंत्री, दो समाज के लोगों को आपस में लड़वा रहे हैं।

यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘भाजपा की अंदरूनी राजनीति की शर्मनाक लड़ाई में, अब कौशांबी में दो भाजपाई उप मुख्यमंत्री, दो समाज के लोगों को आपस में लड़वा रहे हैं। पहले एक उप मुख्यमंत्री ने नाइंसाफी करते हुए ‘पाल’ समाज के लोगों को मोहरा बनाया, फिर दूसरे उप मुख्यमंत्री ने अपने उस समाज के नाम पर झूठी सहानुभूति दिखाई, जो समाज इन दोनों के ‘ऊपरवालों’ को नहीं भाता है, इसीलिए पीछे से वो भी सक्रिय हो गये, जिनकी पहलेवाले उप मुख्यमंत्री से पुरानी खींचातानी है। और फिर इन ऊपरवालों के ऊपरवालों की भी आपस में टकराहट है, इसीलिए केंद्रवाले, कौशांबी की राजनीति करनेवालों के साथ खड़े हैं।’

अखिलेश यादव ने आगे लिखा, ‘ध्यान से समझा जाए तो ये भाजपा की अंदर की राजनीति में मचा एक बड़ा घमासान है, जिसमें दो या दो से अधिक समाजों को आपस में भिड़वाकर ‘कौशांबी, लखनऊ, दिल्ली’ की भाजपाई राजनीति अपना वीभत्स खेल–खेल रही है, जिसका शिकार जनता हो रही है। इस लड़ाई में वो भी कूद पड़े हैं जिनका समाज ‘सत्ता सजातीय’ राजनीति का विशेष रूप से शिकार है और लगातार सत्ता के निशाने पर है, जिसके कारण दूसरे उप मुख्यमंत्री अपने समाज पर हो रहे अत्याचार और अपमान पर अपनी कुर्सी बचाने के लिए सुविधाजनक चुप्पी साधे बैठे हैं। कौशांबी के मामले में उनको लगा कि जब वो कुछ सक्रियता दिखाएँगे तो शायद सत्ता द्वारा निरंतर उत्पीड़ित व अपमानित किये जा रहे उनके अपने समाज में वो मुँह दिखाने लायक बन जाएंगे। सच तो ये है कि भाजपाइयों को जनता या किसी समाज की कुछ नहीं पड़ी है, सब अपनी-अपनी खो चुकी ज़मीन की संभावना फिर से तलाशना चाहते हैं लेकिन अब जनता बहुत चौकन्नी और जागरूक है, वो भाजपा की विभाजनकारी नकारात्मक राजनीति को अब और पनपने नहीं देगी।’

सपा अध्यक्ष ने लिखा, ‘शीर्ष भाजपाइयों’ और ‘शिखर भाजपाइयों’ के आपसी झगड़े के कारण, हर वर्ग और समाज बीच में पिस रहा है। सच्चाई तो ये है कि समाज को बाँटना और लड़ाना ही भाजपाइयों की पुरानी साज़िशाना सियासत रही है, जिसे उन्होंने उन अंग्रेज़ों से सीखा है, जिनका उन्होंने हमेशा साथ दिया था। कौशांबी भाजपा के अन्याय का शिकार है। भाजपा से हर वर्ग और समाज को अब और भी सचेत व सतर्क रहना पड़ेगा, नहीं तो ये भाजपाई समाजों के बीच आग लगाकर अपनी सियासी रोटी सेंकने में लगे रहेंगे, एक को फँसाकर आत्महत्या पर मजबूर करेंगे तो दूसरे पर इनाम घोषित करवाएँगे। कौशांबी का बच्चा-बच्चा जानता है कि सच क्या है।’

अखिलेश ने लिखा, ‘भाजपा राजनीति को इस स्तर पर ले जाएगी किसी ने सोचा भी न था। अब जनता, भाजपा की बँटवारे की इस राजनीति को समझ रही है और समझदारी से इनके ख़िलाफ़ एकजुट हो रही है। यही कारण है कि जहाँ भी कुछ लोग और समाज भाजपा के विरुध्द जाते दिखते हैं ये भाजपाई उनके बीच झूठे आरोप-प्रत्यारोप और एफ़आइआर-मुक़दमों की दीवार खड़ी कर देते हैं। भाजपा के सियासी षड्यंत्र का मुक़ाबला समाज की एकता ने देना शुरू कर दिया है। इसीलिए हर पीड़ित-उत्पीड़ित भाजपा को हराने-हटाने के लिए लामबंद हो गया है। भाजपाई नाइंसाफ़ी हारेगी।’

मणिपुर: विरोध प्रदर्शन में कलेक्टर कार्यालय जलाया, दो पत्रकार सहित 15 घायल

0

इंफाल: मणिपुर में अरम्बाई टेंगोल नेता की गिरफ्तारी को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। जिनमे दो पत्रकारों सहित 15 लोग घायल हो गए।

सरकार ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया है और पांच जिलों इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, काकचिंग, थौबल और बिष्णुपुर में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया है।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि एटी नेता कानन को सीबीआई ने किसी अन्य मामले में गिरफ्तार किया था, न कि एटी के नेता के रूप में। पुलिस ने कहा कि कानन के साथ गिरफ्तार किए गए चार अन्य लोगों को भी रिहा कर दिया गया और केवल कानन को रविवार को राज्य से बाहर ले जाया गया।

पुलिस ने कहा कि वह स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है, हालांकि कुछ अज्ञात लोगों ने रविवार रात इंफाल पूर्व जिले के याइरीपोक तुलिहाल में उप-विभागीय कलेक्टर (एसडीसी) कार्यालय को जलाने की कोशिश की। अरम्बाई टेंगोल ने अपने नेता की गिरफ्तारी के विरोध में दस दिवसीय बंद की घोषणा के बीच सोमवार को बड़ी संख्या में लोग कर्फ्यू का उल्लंघन करते हुए अपना विरोध दर्ज कराने के लिए घरों से बाहर निकले और सड़कों को अवरुद्ध कर दिया।

रविवार को शुरू हुए बंद के कारण सभी शैक्षणिक संस्थान बंद हो गए हैं, बाजार बंद हो गए हैं और परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। एडिटर्स गिल्ड मणिपुर (ईजीएम) और ऑल मणिपुर वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन (एएमडब्ल्यूजेयू) ने भी इंफाल के क्वाकेथेल में सार्वजनिक विरोध प्रदर्शन को कवर करने के लिए ड्यूटी पर तैनात सीआरपीएफ कर्मियों द्वारा इम्पैक्ट टीवी न्यूज के दो पत्रकारों पर किए गए हमले की कड़ी निंदा की है। घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज की जाएगी क्योंकि पत्रकारों पर हमला तब भी किया गया जब उन्होंने अपनी पहचान बताई थी।

सोमवार को सभी अखबारों के संपादकीय खाली थे और उन पर एक ही नारा था “एएमडब्ल्यूजेयू और ईजीएम पत्रकारों पर बार-बार किए गए हमले और धमकी की निंदा करते हैं।

मुंब्रा रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा, लोकल ट्रेन से गिरकर 5 यात्रियों की मौत, कई घायल

0

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बड़ा ट्रेन हादसा हो गया है। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से ठाणे के कसारा इलाके की ओर जा रही एक लोकल ट्रेन से गिरकर पांच यात्रियों की मौत हो गयी। अधिकारियों के अनुसार, आठ यात्री ट्रेन से गिरे हैं।

रेलवे अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि लोकल ट्रेन से गिरकर 5 लोगों की मौत हो गई है। यह ट्रेन क्षमता से ज्यादा सवारियों को लेकर जा रही थी। घटना मुंब्रा और दिवा रेलवे स्टेशन के बीच हुई है। हादसे के वक्त पुष्पक एक्सप्रेस और कसारा लोकल क्रॉस हो रही थीं। अधिकारियों का मानना है कि ज्यादा भीड़ होने के कारण यात्री दरवाजों पर लटक कर यात्रा कर रहे थे। इस दौरान हादसा हुआ। वहीं, घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है।

हादसे पर सेंट्रल रेलवे की ओर से कहा गया, ‘ठाणे के मुंब्रा रेलवे स्टेशन पर CSMT की ओर जा रहे कुछ यात्री ट्रेन से गिर गए। दुर्घटना का कारण ट्रेन में अत्यधिक भीड़ माना जा रहा है। रेलवे प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया जा रहा है। दुर्घटना की जांच शुरू हो गई है। घटना से लोकल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।’

सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ स्वप्निल धनराज नीला ने कहा, “मुंब्रा से दिवा जा रही लोकल ट्रेन में यात्रा कर रहे आठ लोग गिरने की घटना हुई है। कसारा जाने वाली लोकल ट्रेन के गार्ड ने इस घटना की सूचना दी। इन लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। यह घटना डाउन/फास्ट लाइन पर मुंब्रा-दिवा रेलवे स्टेशनों के बीच हुई। कसारा से आने वाली लोकल ट्रेन के फुटबोर्ड पर यात्रा कर रहे लोग और इसी तरह सीएसएमटी की ओर जाने वाली ट्रेन में यात्रा कर रहे लोग एक-दूसरे से टकरा गए और गिर गए।”

सोनम रघुवंशी ने उप्र में किया आत्मसमर्पण, पति राजा की हत्या के लिए भाड़े के गुंडे लिए थे

0

मेघालय में हनीमून मनाने गए इंदौर निवासी ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या की गुत्थी अब सुलझती नजर आ रही है। इस मामले में लापता पत्नी सोनम रघुवंशी ही हत्याकांड की मास्टरमाइंड निकली। करीब 17 दिन तक लापता रहने के बाद सोनम ने यूपी के गाजीपुर में सरेंडर कर दिया है। इसके अलावा, राजा की हत्या में शामिल तीन अन्य हमलावरों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सभी मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं।

दरअसल, इंदौर के राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी की शादी 11 मई को हुई थी। जिसके बाद कपल 20 मई को असम में मां कामाख्या के दर्शन किया था। जिसके बाद हनीमून के लिए 23 मई को मेघालय के शिलॉन्ग रवाना हुआ। इस दौरान दोनों की परिवार के लोगों से फोन पर लगातार बातचीत होती रही, लेकिन 24 मई से ही दोनों के मोबाइल बंद हो गए और उनका परिवार से संपर्क टूट गया। जब दोनों से दोबारा संपर्क ने हो पाया तो सोनम के भाई गोविंद और राजा के भाई विपिन इमरजेंसी फ्लाइट से शिलॉन्ग पहुंचे। हालांकि, शिलॉन्ग में दोनों को लेकर कोई जानकारी नहीं मिली। फिर एनडीआरएफ और पुलिस ने लापता कपल को ढूंढने के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया, फिर आठ दिन बाद राजा रघुवंशी का शव एक गहरी खाई में मिला और सोनम अभी लापता थी।

राजा रघुवंशी का शव मिलने और सोनम के लापता होने पर दोनों के परिवार और मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने भी सीबीआई जांच की मांग की थी। इस दौरान मानव तस्करी का भी शक जताया गया। लेकिन, सोनम की गिरफ्तारी और राजा की हत्या ने हर किसी को हैरानी में डाल दिया है। इस मामले में मेघालय सीएम कॉनराड के संगमा ने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘राजा हत्याकांड में 7 दिनों के अंदर मेघालय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है…मध्य प्रदेश के रहने वाले 3 हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है, महिला ने आत्मसमर्पण कर दिया है और 1 अन्य हमलावर को पकड़ने के लिए अभियान अभी भी जारी है…शाबाश मेघालय पुलिस…’

मेघालय के डीजीपी आई नोंगरांग ने बताया कि इंदौर के व्यक्ति की हत्या के सिलसिले में पत्नी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सोनम को किसी तरह की चोट नहीं लगी है। वो पूरी तरह ठीक है। इस समय पुलिस ने सोनम को गाजीपुर के वन स्टॉप सेंटर में रखा है।

1090 चौराहे पर योगाभ्यासियों ने योगाभ्यास किया: संजय गुप्ता

0
yoga
yoga

लखनऊ: उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International yoga day) की जागरूकता हेतु जोर शोर से तैयारियां की जा रही हैं। उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति द्वारा “योग जागरूकता अभियान” (yoga awareness campaign) के अंतर्गत रविवार को 1090 चौराहा, गोमतीनगर में प्रातः 6 बजे शंख नाद करते हुए शंख ध्वनि के साथ योगाभ्यास कार्यक्रम का शुभारंभ एवं आयोजन किया गया।

योगाभ्यास कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति के संरक्षक एवं उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता मुख्य रूप से सम्मिलित हुए। उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति के अध्यक्ष संदीप सिंह गौर ने बताया समिति अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस की जागरुकता हेतु राजधानी के कई स्थानों पर योग के शिविर लगाकर नागरिकों को योग के प्रति जागरुक करेगा तथा 15 जून को उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति के तत्वाधान में आशियाना एलडीए से “योग जागरुकता रैली “निकाली जाएगी जो पूरे आशियाना क्षेत्र में घूमकर लोगों को जागरूक करेगी तथा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आशियाना क्षेत्र में योग का बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

“योग जागरूकता अभियान” के शुभारंभ के अवसर पर उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष एवं समिति के संरक्षक संजय गुप्ता ने कहा योग शरीर को स्वस्थ रखने का सबसे सरल उपाय है। उन्होंने कहा योग के माध्यम से मन और तन दोनों होते हैं। तथा स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए सभी को योग अपनाना चाहिए और हमें अपने बच्चों में संस्कार के रूप में योग को रोपित करना चाहिए ताकि बीस साल बाद का भारत पूर्ण स्वस्थ भारत हो तथा लोग महंगी महंगी दवाइयों और शल्य चिकित्सा से बच सकें। योगाभ्यास कार्यक्रम में राजधानी के व्यापारी ,बुजुर्ग ,महिलाएं, चार्टर्ड एकाउंटेंट एवं छात्र शामिल हुए।

इस अवसर पर बोलते हुए उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति के अध्यक्ष संदीप सिंह गौर ने कहा समिति का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोगों को योग के प्रति जागरूक किया जाए तथा योग से जोड़ा जाए ताकि सभी नागरिक स्वस्थ हो सके। उन्होंने कहा समिति का प्रयास, प्रदेश के अनेक जिलों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग के कार्यक्रम आयोजित करने का है तथा पूरे साल लगातार योगाभ्यास करते रहने का उद्देश्य है।

इस अवसर पर सुनील मौर्य, राजकुमार शुक्ला, आरके गुप्ता, शैलू महेंद्र प्रताप सिंह,पूनम सक्सेना,सायरा जी, जीपी गुप्ता, रितेश खरबंदा ,ओपी श्रीवास्तव, राजेश मिश्रा, दीपा त्रिवेदी, मधुलिका शुक्ला, रजनी शुक्ला,सत्यभामा, अनु ,आलोक सिंह राजीव गुप्ता,आर एन वर्मा, जे पी तिवारी,जुगल किशोर,शिव दयाल राजेंद्र सिंह, राज भाटला, राजेंद्र श्रीवास्तव, राधेश्याम तिवारी आदि कई योगाचार्यों एवं योग साधकों ने योग किया।