22 C
Lucknow
Saturday, March 21, 2026
Home Blog Page 3172

महसी क्षेत्र में भू-माफियाओं का बोलबाला

0

– हरदी थाना पुलिस पर गंभीर आरोप
– पत्रकार की जमीन पर दबंगों ने किया अवैध कब्जा
– न्यायालय के आदेशों की उड़ी धज्जियां

घनश्याम वर्मा

बहराइच (महसी)। जनपद के महसी तहसील अंतर्गत हरदी थाना क्षेत्र में इन दिनों भू-माफियाओं का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब पत्रकारों की जमीन पर भी दबंगई से कब्जा किया जा रहा है। केदार पुरवा उदवापुर गांव में पत्रकार रोहित कुमार की जमीन पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है, वहीं पीड़ित पत्रकार की शिकायत के बावजूद स्थानीय पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।

सूत्रों के अनुसार, पीड़ित पत्रकार रोहित कुमार ने कई बार थाने से लेकर जिला प्रशासन तक गुहार लगाई, मगर हर बार उसे गुमराह किया गया। यहां तक कि न्यायालय द्वारा दिए गए स्पष्ट आदेशों का भी पालन नहीं किया गया। दबंग तत्वों को राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त होने की आशंका जताई जा रही है।

इस प्रकरण में क्रांतिकारी पत्रकार परिषद संगठन ने खुलकर रोहित कुमार का समर्थन किया है। संगठन के पदाधिकारियों ने जिला अधिकारी से मिलकर इस पूरे मामले की शिकायत की थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। संगठन का कहना है कि यदि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही नहीं की गई, तो वे भू-माफियाओं और उनके साथ संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।

क्रांतिकारी पत्रकार परिषद के सदस्यों ने चेतावनी दी है कि यह सिर्फ एक पत्रकार पर अन्याय नहीं है, बल्कि अभिव्यक्ति की आज़ादी और कानून के शासन की अवहेलना है। संगठन जल्द ही इस मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस और धरना प्रदर्शन करेगा।

प्रशासन की चुप्पी सवालों के घेरे में:

हरदी थाना पुलिस की निष्क्रियता और न्यायालय के आदेशों की अनदेखी से आमजन में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि अगर पत्रकार तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा?

महसी के लौहपुरुष स्व. पं. बाबूराम बाजपेई की 23वीं पुण्यतिथि पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि

0

महसी (बहराइच)। महसी क्षेत्र के प्रसिद्ध समाजसेवी, जमींदार और ब्राह्मण समाज के प्रेरणास्रोत स्वर्गीय पं. बाबूराम बाजपेई जी की 23वीं पुण्यतिथि उनके पैतृक निवास रामनिधि नगर, बहोरिकपुर (निकट तहसील मुख्यालय महसी) में श्रद्धा और भावनाओं के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में अधिवक्ता संघ बहराइच के अध्यक्ष एवं उनके सुपुत्र पं. रामजी बाजपेई एडवोकेट सपरिवार मौजूद रहे।

प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पुण्यतिथि पर क्षेत्र के सैकड़ों जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता, विद्वान, ब्राह्मण समाज के प्रमुखजन और ग्रामवासी एकत्र हुए। सभी ने सामूहिक रूप से श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उन्हें शत् शत् नमन किया और सामूहिक भोज में भाग लिया।

सभा में वक्ताओं ने स्व. पं. बाबूराम बाजपेई को महसी का “लौहपुरुष” बताते हुए उनके अनुशासित जीवन, दृढ़ निश्चय, त्याग और समाजसेवा की भावना की सराहना की। उन्होंने बताया कि बाबूराम बाजपेई न केवल एक सफल जमींदार थे, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों की मदद और न्याय के पक्षधर भी थे।

इस अवसर पर लोकप्रिय विप्रशिरोमणि पं. देवेश चंद्र मिश्र मंजनू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पं. केदारनाथ अवस्थी, शिक्षाविद् पं. रामसागर पांडेय, अधिवक्ता श्री जयप्रकाश सिंह, पं. गिरिजेश दत्त बाजपेई, पं. पुण्डरीक पांडेय, पं. चंचरीक पांडेय, पं. कृष्ण मुरारी त्रिपाठी, पं. शिवशंकर बाजपेई, पं. मोहित बाजपेई, पं. बेचे लाल बाजपेई, पं. बराती लाल बाजपेई, पं. परमानंद बाजपेई, पं. तीरथराम शुक्ल, पं. रामानंद बाजपेई, पं. शिवशरण बाजपेई, पं. राजेश दत्त बाजपेई, पं. धर्मेंद्र मिश्र सोनू, लोकनाथ त्रिवेदी, रामगोपाल बाजपेई, संतशरण बाजपेई, पं. माधव दीन मिश्र, प्रमोद कुमार, पूर्व प्रधान रेहुआ मंसूर ज्ञानी बाबा सहित सैकड़ों क्षेत्रीय सम्भ्रांतजन एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज और स्व. पं. बाबूराम बाजपेई के जीवन दर्शन पर आधारित विचार गोष्ठी के साथ हुआ, जिसमें उन्हें सच्चे अर्थों में ‘पितृ देवो भव’ की संज्ञा दी गई।

ली जे-म्यांग ने दक्षिण कोरिया के नए राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली

0
Lee Jae-myung
Lee Jae-myung

सोल: दक्षिण कोरिया के नये राष्ट्रपति ली जे-म्यांग ने बुधवार को औपचारिक रूप से पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

देश के 21वें राष्ट्रपति ने नेशनल असेंबली बिल्डिंग में पद और गोपनीयता की शपथ ली। श्री जे-म्यांग ने शपथ लेने के बाद कहा कि उनको राष्ट्रपति चुनाव में जिन लोगों का समर्थन प्राप्त हुआ है वह उनके सदा आभारी रहेंगे।

बहुमत वाली उदारवादी डेमोक्रेटिक पार्टी के श्री जे-म्यांग ने 49.42 प्रतिशत समर्थन हासिल किया और रूढ़िवादी पीपुल पावर पार्टी के अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी किम मून-सू को 8.27 प्रतिशत अंकों के बड़े अंतर से हराया।

गौरतलब है कि यह चुनाव उस असाधारण राजनीतिक संकट के बाद हुआ है, जिसमें पूर्व राष्ट्रपति यून सुक योल को दिसंबर 2024 में मार्शल लॉ लगाने की कोशिश की थी, जिन्हें बाद में महाभियोग का सामना करना पड़ा था।

श्री यून ने अपने पांच वर्षीय कार्यकाल के बीच 03 दिसंबर 2024 को मार्शल लॉ का एलान किया था, जिससे दक्षिण कोरिया ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया चौंक गई थी। यह 1987 में लोकतंत्र की बहाली के बाद पहली बार था जब किसी राष्ट्रपति ने ऐसा कदम उठाया था।

शपथ ग्रहण समारोह में पार्लियामेंट, सुप्रीम कोर्ट, संवैधानिक न्यायालय और चुनाव निगरानी संस्था के प्रमुखों के साथ-साथ सांसदों और कैबिनेट सदस्यों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम से पहले नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जे-म्यांग ने सोल राष्ट्रीय कब्रिस्तान में श्रद्धांजलि अर्पित की, जहां देश के लिए बलिदान देने वालों को दफनाया गया है।

IPL 2025 में RCB ने पंजाब किंग्स को 6 रन से हराया

0
RCB
RCB

नई दिल्ली: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आखिरकार 18 साल का लंबा इंतजार खत्म करते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का खिताब जीत लिया है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में RCB ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 6 रन से हराकर पहली बार IPL ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ RCB IPL इतिहास की आठवीं चैंपियन टीम बन गई है।

क्रुणाल पंड्या, यश दयाल और भुवनेश्वर कुमार के यादगार स्पैल के दम पर बेंगलुरु ने 190 रन के स्कोर को सफलतापूर्वक डिफेंड किया और 6 रन से मैच जीत लिया। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली बेंगलुरु (RCB) ने एक रोमांचक फाइनल में पंजाब किंग्स को 6 रन से हरा दिया। इसके साथ ही टीम IPL 2025 की चैंपियन बन गई।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मंगलवार 3 जून को खेले गए इस फाइनल में हर किसी की नजरें इस बात पर थीं कि क्या विराट कोहली इस बार अपने नाम के आगे IPL चैंपियन लिख पाएंगे या नहीं। इसकी वजह भी थी। इसके साथ ही टीम के पूर्व कप्तान और पहले सीजन से ही टीम का हिस्सा रहे विराट कोहली भी आखिर IPL चैंपियन बन ही गए।

सीजन शुरू होने से पहले ही बार-बार ये बातें हो रही थीं कि 18वें सीजन में 18 नंबर की जर्सी पहनने वाले विराट के लिए शायद यही सबसे अच्छा साल हो। शायद किस्मत उनके लिए इस मौके का ही इंतजार कर रही हो। यहां तक कि महाभारत के 18वें दिन में खत्म होने का जिक्र भी उनके फैंस करने लगे थे। आखिरकार ये सारे संयोग कोहली और RCB के लिए सुखद साबित हुए।

शहर कांग्रेस की बैठक में क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान पर दिया गया बल

0
congress
congress

– जनहित के कार्य जन-जन तक पहुंचाने का सबसे अच्छा माध्यम: अंकुर मिश्रा

फर्रुखाबाद: शहर कांग्रेस कमेटी (congress committee) की मासिक बैठक मंगलवार को शहर अध्यक्ष अंकुर मिश्रा के कैंप कार्यालय (camp office) पर आयोजित हुई। बैठक में स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और उनके समाधान के लिए संगठित संघर्ष करने का आह्वान किया गया।

अध्यक्षता करते हुए अंकुर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा, “जन सेवा ही जनता के हृदय तक पहुंचने का माध्यम है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता की समस्याओं को संकलित कर संगठन के माध्यम से प्रभावी समाधान की दिशा में कदम उठाएं।

बैठक में बताया गया कि जल्द ही नेतृत्व द्वारा तय कार्यक्रमों को योजनाबद्ध तरीके से जमीन पर उतारा जाएगा। इसके लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है।

बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनिल मिश्रा के साथ-साथ राकेश सारस्वत, अम्मार अली, प्रताप सिंह वाल्मीकि, संजीव शर्मा, अतीक सलमानी, आसिफ, अंजुम मुन्नेखा, वीरेंद्र कुमार मिश्रा, शुभ दीक्षित, विनोद श्रीवास्तव सहित लगभग तीन दर्जन कार्यकर्ता उपस्थित रहे। लंबे समय बाद शहर कांग्रेस की एक बड़ी बैठक इस रूप में देखने को मिली, जो कि संगठन के पुनः सक्रिय होने की दिशा में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

बाइकर गैंग की बढ़ती सक्रियता, कई लोगों से हजारों की लूट, पुलिस पर उठे सवाल

0
लूट
लूट

नवाबगंज (फर्रुखाबाद): थाना नवाबगंज (Police Station Nawabganj) क्षेत्र में बाइकर गैंग की सक्रियता से आमजन परेशान हैं। पिछले कुछ दिनों में कई लोगों से नकदी लूटे जाने के मामले सामने आ चुके हैं। गैंग के सदस्य सड़कों पर खड़े लोगों से रास्ता पूछने के बहाने उन्हें बाइक पर बैठाते हैं और फिर जेब काटकर नकदी पार कर देते हैं। 27 मई को मंझना रेलवे क्रॉसिंग के पास नगला बारंग निवासी ऋषिपाल को इस गैंग ने शिकार बनाया। रास्ता पूछकर बाइक पर बैठाया और 50 हजार रुपये की नकदी जेब से पार कर बघार नाला पुल के पास उतार दिया।

ऋषिपाल ने थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसी तरह 18 मई की शाम को मुहल्ला नगला हीरासिंह निवासी नरवीर सिंह के साथ भी बाइकर गैंग ने 39 हजार रुपये की लूट की। उन्होंने भी तहरीर दी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ममापुर गांव निवासी जितेंद्र और विजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पीड़ित ऋषिपाल ने थाने में दोनों की पहचान भी की। लेकिन पुलिस ने दोनों युवकों का केवल शांतिभंग में चालान कर दिया। थानाध्यक्ष के अनुसार घटना की जांच जारी है। हालांकि सूत्रों की मानें तो दोनों युवकों ने अपराध कबूल भी किया है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।