22 C
Lucknow
Friday, March 20, 2026
Home Blog Page 3139

RBI ने लगातार तीसरी बार रेपो रेट में की कटौती, अब लोन (Loan) लेना होगा…

0
RBI
RBI

नई दिल्ली: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के एक बार फिर लोगो को बड़ी राहत दी है। आरबीआई की मॉनिटरी पॉलिसी कमिटी ने लगातार तीसरी बार रेपो रेट कट करने का फैसला किया है। RBI ने रेपो रेट 6% से घटाकर 5.5% किया है, RBI ने रेपो रेट (repo rate) में 0.50% कटौती की है इस फैसले से ब्याज दरों में कमी आएगी, घटेगी EMI, होम लोन समेत सभी लोन के सस्ते होने के आसार हैं। इस फैसले के बाद बैंकों के ऊपर ग्राहकों की निगाहें टिकी हैं कि वे कैसे अपनी ब्याज दरों में बदलाव करते हैं। ये खबर बैंक लोन (Loan) लेने वाले ग्राहकों के लिए काफी फायदे मंद है क्योंकि उनकी ईएमआई (EMI) अब और भी कम हो जाएगी।

आरबीआई गनर्वर संजय मल्होत्रा ने Repo Rate में बंपर कटौती करते हुए इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में SDF रेट 5.75% से घटाकर 5.25% किया गया है, जबकि MSF रेट को भी 6.25% से घटाकर 5.75% कर दिया गया है। इसके अलावा कैश रिजर्व रेशियो को भी 4 फीसदी से 100 बेसिस पॉइंट घटाकर 3 फीसदी करने का फैसला किया गया है।

FY26 की पहली तिमाही में जीडीपी का अनुमान 6.5%, दूसरी में 6.7%, तीसरी में अनुमान 6.6% और चौथी तिमही में यह अनुमान 6.3% है। FY26 के GDP ग्रोथ अनुमान में RBI ने कोई बदलाव नहीं किया, इससे यह पता चला है कि, केंद्रीय बैंक को आर्थिक सुधार की दिशा पर भरोसा है।

 

 

हापुड़ में मिले सूटकेस का खुलासा, प्रेमिका का फोन रात में बिजी जाने पर प्रेमी ने की हत्या

0
suitcase
suitcase

हापुड़: यूपी के नए डीजीपी राजीव कृष्ण (DGP Rajiv Krishna) की कमान संभालने के बाद पुलिस और भी एक्टिव हो गई। पुलिस ने हापुड़ (Hapur) जिले में 30 मई को मिले एक नीले सूटकेस (suitcase) में महिला के शव का खुलासा कर दिया है। 30 मई को हुई इस घटना का खुलासा करने में पुलिस को मात्र एक सप्ताह का समय लगा है। दिल्ली की रहने वाली प्रेमिका (girlfriend) को उसके प्रेमी (boyfriend) ने मौत के घाट उतार कर उस नीले सूटकेस में पैक करके हापुड़ में फेंक दिया था। किसी दूसरे से संबंध होने और उधार के 5 लाख रुपए न देने पड़ें इसलिए प्रेमी ने दिल्ली में अपनी प्रेमिका का गला घोटकर जान से मार दिया।

ब्लाइंड मर्डर मामले की जांच करते हुए पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरो को खंगाला था तब जाके मृतक महिला के बारे में पता चला। जिसके बाद कड़ी मशक्त से पुलिस ने हत्यारे प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने खुलासा करते हुए महिला के प्रेमी वेस्ट दिल्ली के विनोद नगर नियर प्रताप लाइब्रेरी निवासी सत्येंद्र यादव को गिरफ्तार किया। सत्येंद्र ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि निलेश और वह दोनों प्यार करते थे. जब निलेश बीमार थी तो वह दिल्ली उससे मिलने जाया करता था। इसके बाद वह नौकरी के काम से पांच महीने के लिए पटियाला चला गया। इसके बाद जब भी वह रात में निलेश को फोन करता तो उसका फोन बिजी जाता, जिसके कारण उसे निलेश पर शक हो गया था।

इसके आगे हत्यारे सत्येंद्र ने बताया कि उसने निलेश से 5 लाख 25 हजार रुपए उधार ले रखे थे। इससे उसने एक कार खरीद ली थी। 28 मई को निलेश उससे मिलने के लिए उसके दिल्ली वाले कमरे पर पहुंचा और अपने उधार के पैसे उससे मांगे। इसको लेकर दोनों में विवाद हो गया और उसने निलेश का चुन्नी से गला घोट दिया। पुलिस ने बताया की गिरफ्तारी के बाद सत्येंद्र यादव के कब्जे से निलेश की एक पासबुक, एक चेक, केवाईसी फॉर्म, आधार कार्ड, पैन कार्ड और इसके साथ ही दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है।

आपको बता दें हापुड़ की पिलखुवा कोतवाली इलाके के सिखेड़ा बंबे पर 30 मई को पुलिस को एक नीले सूटकेस में महिला की लाश मिली थी। यह मर्डर केस पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती था। ब्लाइंड मर्डर केस की जांच करते हुए पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरो को खंगाला। इसके बाद महिला की पहचान दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी निलेश के रूप में हुई।

नाबालिग युवती को भगाने का आरोप, छह लोगों पर मामला दर्ज करने की मांग

0
kidnapping
kidnapping

– पीड़ित पिता ने मोहम्मदाबाद थाने में दी तहरीर, युवती तीन जून से लापता

मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद): थाना क्षेत्र कायमगंज (kayamganj) निवासी एक व्यक्ति ने मोहम्मदाबाद थाने (Mohammadabad police station) में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री को मोहल्ले के ही युवक ने अपने परिवारजनों के सहयोग से बहला-फुसलाकर भगा लिया है। युवती तीन जून से लापता है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया कि 03 जून 2025 को किसी बात को लेकर उसने अपनी पुत्री को डांट दिया था। इसके बाद शाम करीब 4:30 बजे पुत्री यह कहकर घर से निकली कि वह अपनी मौसी आरती पत्नी रामपाल निवासी सलेमपुर के घर जा रही है। लेकिन जब वह वहां नहीं पहुंची तो परिवारजन परेशान हो गए। उन्होंने रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहां खोजबीन की, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला।

बाद में जानकारी मिली कि मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के किलमापुर किसान नगला निवासी कुंवर पाल कठेरिया का पुत्र विमल युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। पीड़ित पिता ने विमल के साथ-साथ उसके पिता कुंवर पाल कठेरिया के अन्य पुत्रों — विकास, कुलदीप, ब्रजेश और अमित — तथा पत्नी आभा पर भी इस कृत्य में सहयोग देने का आरोप लगाया है।

प्राथी ने थाने में तहरीर देकर सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और युवती की तलाश के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। युवती की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्राकृतिक शिक्षा का संदेश देती क्ले मॉडलिंग के साथ संपन्न फाइन आर्ट वर्कशॉप

0
workshop
workshop

– श्री कृष्ण दत्त अकादमी, वृंदावन लखनऊ में छह दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का हुआ समापन, प्रकृति और कला का सुंदर संगम देखने को मिला

लखनऊ: श्री कृष्ण दत्त अकादमी वृंदावन (Shri Krishna Dutt Academy Vrindavan) लखनऊ (Lucknow) में आयोजित छह दिवसीय फाइन आर्ट वर्कशॉप (workshop) का समापन कल रोचक कलाकृतियों की भव्य प्रदर्शनी के साथ हुआ। इस अवसर पर एडिशनल डायरेक्टर कुसुम बत्रा के नेतृत्व में मुख्य अतिथि डायट लखनऊ के प्राचार्य अजय सिंह और विशिष्ट अतिथि प्रीति त्रिवेदी (निदेशक, कर्नल एस. एन. मिश्रा ओबीई मेमोरियल स्कूल) ने दीप प्रज्वलन कर मां सरस्वती की वंदना के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन कॉलेज के प्राचार्य नवीन कुलश्रेष्ठ के मार्गदर्शन में हुआ, जिसमें सुभाष तिवारी और सी. डी. त्रिपाठी ने प्रमुख भूमिका निभाई। प्रशिक्षुओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए और श्रेष्ठ तीन प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस प्रशिक्षण में क्ले मॉडलिंग, कैनवस पेंटिंग, डिजिटल पेंटिंग और फोटोग्राफी जैसी कलाओं को बारीकी से सिखाया गया। कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य था – बच्चों को प्रकृति से जोड़ना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता लाना और कलात्मक सोच का विकास करना।

प्रशिक्षक नमित वर्मा ने बताया कि क्ले आर्ट, जिसे आम भाषा में क्ले मॉडलिंग कहा जाता है, मिट्टी को विभिन्न आकारों में ढालने की कला है। यह कला टेराकोटा, पॉटरी क्ले, स्टोनवेयर, पोर्सलीन, पॉलिमर क्ले और एयर ड्राय क्ले जैसी विभिन्न प्रकार की मिट्टियों से की जाती है। बच्चों ने इस माध्यम से फूलदान, सजावटी वस्तुएं और पर्यावरण थीम पर आधारित कई कलात्मक मॉडल तैयार किए।

कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षक लोकेश वर्मा, राज किरण द्विवेदी और नमित वर्मा ने बच्चों को न केवल तकनीकी ज्ञान दिया, बल्कि उनकी रचनात्मकता और कल्पनाशक्ति को भी प्रोत्साहित किया। एडिशनल डायरेक्टर कुसुम बत्रा ने कहा कि “यह प्रशिक्षण बच्चों और बड़ों के लिए अपने भीतर छिपे कलाकार को पहचानने और निखारने का एक शानदार अवसर साबित हुआ है।”

समाजसेविका एवं शिक्षिका रीना त्रिपाठी ने कहा, “हर स्कूल को इस तरह की वर्कशॉप नियमित रूप से आयोजित करनी चाहिए। यदि संसाधनों की कमी हो तो कम से कम ग्रीष्मावकाश के दौरान बच्चों को ऐसे प्रशिक्षण शिविरों में अवश्य भेजना चाहिए। इससे बच्चों में रचनात्मकता, प्रकृति प्रेम और सकारात्मक सोच का विकास होता है।” इस आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि जीवन के रंगों और मिट्टी की खुशबू से जुड़कर ही पूर्णता प्राप्त कर सकती है।

 

पैतृक जमीन पर जबरन कब्जा: विरोध करने पर धमकी और आत्महत्या का प्रयास

0

– पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

फर्रुखाबाद (मोहम्मदाबाद)। थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम जैतपुर नगला में एक जमीनी विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। मामले में जमीन के असली हकदार द्वारा निर्माण कार्य रोकने की कोशिश पर न सिर्फ गाली-गलौज और धमकी दी गई, बल्कि विरोध करने वालों ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या का प्रयास भी किया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि थाना मोहम्मदाबाद पुलिस, उपजिलाधिकारी द्वारा दिए गए यथास्थिति बनाए रखने के आदेश की भी अवहेलना कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सूरजभान सिंह उर्फ जानू ठाकुर पुत्र स्व. प्रदीप सिंह, निवासी ग्राम जैतपुर नगला (वर्तमान पता: छोटी जेल चौराहा ग्रानगंज, फतेहगढ़), की गांव में पैतृक जमीन है। प्रार्थी का आरोप है कि गांव के दबंग चन्द्रवीर सिंह, जयवीर सिंह उर्फ पप्पू, शिवकुमार उर्फ दीपू, संजय उर्फ संजू, अशोक उर्फ छुन्नू, किरन और अनूप मिलकर जबरन उस जमीन पर मकान निर्माण कर रहे हैं।

जब प्रार्थी के बाबा उदयवीर सिंह, चाचा कुलदीप सिंह व चाची राखी ने इसका विरोध किया, तो उन्हें न सिर्फ जान से मारने की धमकी दी गई, बल्कि कहा गया कि “गांव छोड़ दो या जहर खा लो, वरना हत्या कर दी जाएगी।” इन धमकियों और दहशत के चलते प्रार्थी के चाचा और चाची ने घर में रखा कीटनाशक पदार्थ खा लिया। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

मामले में प्रार्थी के बाबा द्वारा एसडीएम न्यायालय में धारा 164 बीएनएसएस में वाद दायर किया गया था, जिसमें थानाध्यक्ष मोहम्मदाबाद को यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन परिवार का आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने अब तक इस आदेश का पालन नहीं किया, न ही निर्माण कार्य को रोका गया।

प्रार्थी ने थाना मोहम्मदाबाद में लिखित तहरीर दी, परंतु अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः पीड़ित द्वारा उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर विपक्षियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

ग्रामीणों में भी घटना को लेकर आक्रोश है और वे पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठा रहे हैं। परिजन की हालत नाजुक बनी हुई है और पूरे परिवार में भय का माहौल व्याप्त है।

आय के अनुरूप बेहतरीन सुविधाएं देकर हर तबके का जीवन बनाया जा सकता है आसान : मुख्यमंत्री

0

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा किसी भी सभ्य समाज के लिए उसकी जरूरत के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं और संसाधन जुटाना लोकप्रिय सरकार का दायित्व होना चाहिए। सुविधाओं और संसाधनों की व्यवस्था होना समस्या समाधान का भी मंच बनता है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि आज के समय में समाज के अलग-अलग तबके के लिए उनकी आय के अनुरूप बेहतरीन सुविधाएं और व्यवस्थाएं देकर उनका जीवन आसान बना सकें।

सीएम योगी शुक्रवार को सूरजकुंड कॉलोनी में बने शहर के दूसरे कल्याण मंडपम का लोकार्पण करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। यह कल्याण मंडपम नगर निगम की तरफ से 4.52 करोड़ रुपये की लागत से 35500 वर्गफीट क्षेत्र में बनाया गया है। कल्याण मंडपम के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर नगर निगम प्रदेश का पहला नगर निगम है जिसने निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों के मांगलिक कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कल्याण मंडपम बनाने की पहल की।

11 से 25 हजार रुपये में यदि मांगलिक कार्य के लिए कल्याण मंडपम जैसा स्थल मिल जाए तो समारोह काफी आसानी, अच्छे और सस्ते में हो सकता है। इसके अलावा नगर निगम की तरफ से पांच और कल्याण मंडपम निर्माणाधीन हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने विधायक निधि का पूरा पैसा कल्याण मंडपम के लिए दे दिया है। कहा कि गोरखपुर नगर निगम जैसी संस्थाएं अन्य निकायों के लिए मानक बन सकती हैं।

स्मार्ट सिटी के साथ सेफ सिटी पर भी जोर

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्मार्ट सिटी का जो विजन दिया है, उसे सेफ सिटी में भी बदलना है। हमें ऐसा शहर बनाना है जहां बेटी, व्यापारी, बच्चे, संभ्रांत समेत समाज का हर व्यक्ति खुद को सुरक्षित महसूस कर सके। इसके लिए पुख्ता व्यवस्था करनी होगी ताकि सुरक्षा में सेंध लगाने की हिम्मत करने वाले जान लें कि उन्हें इसकी क्या कीमत चुकानी पड़ेगी। सेफ सिटी की अवधारणा को साकार करने के लिए सीएम योगी ने आह्वान किया कि हर व्यक्ति अपने घर के बाहर कैमरे लगवाए इससे प्रौद्योगिकी सुरक्षा का बड़ा माध्यम बनेगी।

पर्यावरण और स्वच्छता के जागरूकता के लिए हर वार्ड में बबाएं मोहल्ला समिति

मुख्यमंत्री ने नागरिकों को स्वच्छता और और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी अच्छी व्यवस्था के लिए पहल करनी पड़ती है और यह सामूहिक जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी स्वच्छता को प्राथमिकता देते हैं। यह हम सबका भी दायित्व होना चाहिए। इस अवसर पर सीएम ने पार्षदों से अपील की कि वे अपने वार्डों में मोहल्ला समितियां गठित कराएं। सफाई की निगरानी इस समिति के जिम्मे हो और साथ ही समितियों को पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण से भी जोड़ा जाए।

भयावह स्थितियों से बचने को प्रकृति की शरण में जाना होगा

मुख्यमंत्री ने जलवायु परिवर्तन के कारण अत्यधिक बारिश, असमय बारिश और सूखा पड़ने के संकट की चर्चा करते हुए कहा कि ऐसे संकट पूरे क्षेत्र को चपेट में लेते हैं। मानव जनित समस्या के समाधान का मार्ग भी मानव को ही बनाना होगा। सीएम योगी ने कहा कि क्लाइमेट चेंज की भयावह स्थितियों से बचने के लिए प्रकृति की शरण में जाना होगा। उन्होंने पर्यावरण की समस्या के समाधान के पीएम मोदी के आह्वान के अनुरूप एक पेड़ मां के नाम लगाने, नदियों के कैचमेंट एरिया में दोनों तरफ पौधरोपण करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि नदियां राष्ट्र रूपी शरीर की धमनियों जैसी हैं। इनके लुप्त होने पर जलसंकट उत्पन्न हुआ। गोड़धोइया नाला भी कभी नदी थी। नदी से नाला और उस पर भी कब्जे की स्थिति बन गई। आज गोड़धोइया को पुनर्जीवित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों के दोनों तरफ पौधे लगाकर हम प्रकृति और पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर सकते हैं। पौधरोपण की चर्चा को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष 35 करोड़ पौधरोपण के लिए 50 करोड़ नर्सरी तैयार है।

अहिल्याबाई के नाम होगा वर्किंग वूमेन हॉस्टल

कल्याण मंडपम के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि गोरखपुर नगर निगम द्वारा बनाया जाने वाला 75 बेडेड वर्किंग वूमेन हॉस्टल महिला सशक्तिकरण की प्रतिमान और धर्म-संस्कृति के प्रति समर्पित रहीं लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर होगा। कामकाजी महिलाओं के लिए बनने वाले छात्रावास का यह नामकरण लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की तीन सौंवी जयंती पर उनकी स्मृतियों को जीवंत कर सदैव प्रेरित करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने मालवा साम्राज्य को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही अहिल्याबाई होल्कर ने महिलाओं, किसानों, शिल्पकारों समेत समाज के सभी वर्षों के उत्थान के लिए अनुकरणीय कार्य किए। वह महान शिवभक्त थीं और काशी विश्वनाथ मंदिर, पुरी मंदिर, गयाजी मंदिर, महाकाल मंदिर, ओंकारेश्वर मंदिर, सोमनाथ मंदिर के पुनरोद्धार का कार्य कर धर्म और संस्कृति की भी रक्षा की।

शहर के विकास और नगर निगम की परियोजनाओं की विस्तार से चर्चा की

सीएम ने अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क कनेक्टिविटी, खाद कारखाना, एम्स, रामगढ़ताल के सौंदर्यीकरण सहित विकास के अनेक आयामों की चर्चा की। कहा कि आज गोरखपुर चारों तरफ से फोरलेन सड़कों से कनेक्टेड है। पहले यहां कोई रिंग रोड नहीं था आज शहर के अंदर और बाहर फोरलेन रिंग रोड की कनेक्टिविटी है। इस अवसर पर उन्होंने नगर निगम की इंटीग्रेटेड वेस्ट मैनेजमेंट सिटी सुथनी, बंधु सिंह पार्क में मल्टीलेवल पार्किंग, इंदिरा बाल विहार में फूड स्ट्रीट, घंटाघर और लालडिग्गी पार्क के सौंदर्यीकरण, टीपी नगर में कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, ताल नदोर में बन रहे कान्हा उपवन आदि परियोजनाओं से होने वाले बदलाव का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी को विकास प्रक्रिया में संवेदनशील और सतर्क रहना होगा।

भव्यता से मनाएं योग दिवस

कार्यक्रम में सीएम योगी ने जनमानस से अपील की 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भव्यता से मनाएं। हर वार्ड-मोहल्ले में योग दिवस के कार्यक्रम हों। उन्होंने कहा कि योग आरोग्यता की गारंटी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को वैश्विक मान्यता दिलाई है। उन्होंने एक देश-एक विधान का उद्घोष करने वाले पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर 23 जून को एक पेड़ मां के नाम लगाने की अपील की।

मंचीय कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर और फीता काटकर कल्याण मंडपम का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने मंडपम का भ्रमण कर यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं की जानकारी ली। मंच पर उन्होंने नगर निगम के विभिन्न विभागों के दस कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया।

विकास के साथ जन कल्याण में नजीर पेश कर रहा गोरखपुर: रविकिशन

कल्याण मंडपम के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आशीर्वाद से आज गोरखपुर विकास के साथ जन कल्याण के क्षेत्र में नजीर पेश कर रहा है और कल्याण मंडपम उसी का प्रमाण है। सीएम के नेतृत्व में विकास की उस अवधारणा को साकार किया जा रहा है जो रोजगार को भी बढ़ावा देती है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास, रोजगार, जन कल्याण के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश को पूरे देश में अग्रणी बना दिया है।

सीएम योगी के मार्गदर्शन में प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा नगर निगम : महापौर

कल्याण मंडपम के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में नगर निगम गोरखपुर को उत्कृष्ट शहर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री की प्रेरणा से स्वच्छता बढ़ाने और वायु-जल के प्रदूषण को न्यूनतम करने में सतत सफलता मिल रही है। कार्यक्रम में गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभूतपूर्व विकास कार्यों से गोरखपुर को एक नई पहचान दी है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, नगर निगम के उप सभापति धर्मदेव चौहान, पूर्व महापौर अंजू चौधरी, सत्या पांडेय, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, स्थानीय पार्षद आरती सिंह, महानगर अध्यक्ष देवेश श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष राजेश गुप्ता, पुष्पदंत जैन आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।