25 C
Lucknow
Saturday, March 21, 2026
Home Blog Page 3126

ग्रीन पार्क में होने वाले ‘ऑपरेशन सिंदूर कप’ के लिए सांसद रमेश अवस्थी ने मुख्यमंत्री योगी से की भेंट

0
Green Park
Green Park

-सांसद इलेवन बनाम सेना इलेवन के बीच होगा सद्भावना क्रिकेट मैच, मुख्यमंत्री को दिया गया आमंत्रण

लखनऊ/कानपुर: कानपुर (Kanpur) के ग्रीन पार्क इंटरनेशनल स्टेडियम (Green Park International Stadium) में प्रस्तावित ‘ऑपरेशन सिंदूर कप’ सद्भावना क्रिकेट मैच को लेकर आज लखनऊ में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। कानपुर के सांसद आदरणीय श्री रमेश अवस्थी जी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें इस विशेष आयोजन की जानकारी दी और कार्यक्रम में ससम्मान आमंत्रित किया।

यह सद्भावना क्रिकेट मैच “सांसद इलेवन बनाम सेना इलेवन” के बीच खेला जाएगा, जिसका उद्देश्य सैन्य बलों के सम्मान और नागरिक-सैन्य समरसता को मजबूत करना है। यह आयोजन कानपुर प्रशासन और पुलिस विभाग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

सांसद रमेश अवस्थी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि यह मैच ग्रीन पार्क इंटरनेशनल स्टेडियम में एक अनूठी पहल के रूप में किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश और देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े जनप्रतिनिधि, सेना के अधिकारी व जवान शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” न केवल खेल भावना का प्रतीक है, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सौहार्द और सम्मान को प्रोत्साहित करने का माध्यम भी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयोजन के उद्देश्य की सराहना की और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को प्रेरित करने के साथ-साथ सेना और समाज के बीच मजबूत संवाद का अवसर भी बनाते हैं। इस आयोजन को लेकर #OperationSindoor, #GreenParkInternationalStadium, #RameshAwasthi, #KanpurPolice और #KanpurAdministration जैसे हैशटैग के माध्यम से सोशल मीडिया पर भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

कार्यक्रम की तिथि व अन्य जानकारी जल्द ही अधिकारिक रूप से घोषित की जाएगी। आयोजक मंडल इस आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियों में जुटा हुआ है।

मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण: भाजपा ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की उपलब्धियां गिनाईं

0
BJP
BJP

पीलीभीत: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ला ने कहा कि देश के इतिहास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Modi government) के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों का कार्यकाल स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगा। यह कालखण्ड विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत (self-reliant india) के संकल्प की सिद्धि का प्रतीक बन गया है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल मोदी जी की नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की परिश्रम, त्याग और सपनों का परिणाम है।

नगर के एक होटल में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में श्री शुक्ला ने कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्षों में भारत ने दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए हैं। वर्ष 2014 से पहले भारत को एक अस्थिर अर्थव्यवस्था के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब देश हर क्षेत्र में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने तकनीक, तरक्की और पारदर्शिता को शासन का आधार बनाया है। उन्होंने बताया कि पहले लोग इलाज के लिए असहाय होते थे, लेकिन आज आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। पहले हम आयात पर निर्भर थे, अब ‘मेक इन इंडिया’ के माध्यम से भारत निर्यात के क्षेत्र में अग्रणी बन रहा है।

गरीब कल्याण और राष्ट्रहित की योजनाओं का किया उल्लेख

श्री शुक्ला ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना, जल जीवन मिशन, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने देश के गरीबों को मुख्यधारा से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 27 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है।

उन्होंने कहा कि अब शासन सहभागी बना है, सरकार सेवक बन चुकी है और सुशासन अब संस्कृति बन गया है। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाते हुए पारदर्शी शासन की स्थापना की गई है। राजनीति अब वादों की नहीं, प्रदर्शन की संस्कृति पर आधारित है।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की मजबूत स्थिति

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि जब देश की सेनाओं ने आतंकवादी ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की तो यह साबित हो गया कि भारत अब सशक्त निर्णय लेने में सक्षम है। ‘मोदी है तो मुमकिन है’ अब केवल नारा नहीं, बल्कि देश की नई कार्य संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज भारत की विदेश नीति में सांस्कृतिक आत्मबल की स्पष्ट झलक मिलती है। जीएसटी, धारा 370 की समाप्ति, तीन तलाक का खात्मा और वक्फ अधिनियम जैसे निर्णय देशहित में ऐतिहासिक साबित हुए हैं।

प्रबुद्ध जन सम्मेलन में गूंजा मोदी सरकार का विजन

प्रेस कांफ्रेंस के पश्चात भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह की अध्यक्षता में प्रबुद्ध जन व कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार और भाजपा जिला प्रभारी गुलशन आनंद ने भी केंद्र सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश जिन हालातों से गुजर रहा था, उससे निकलकर अब भारत वैश्विक मंच पर नेतृत्व की भूमिका निभा रहा है।

अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, शिक्षकों और प्रबुद्धजनों की रही भागीदारी

सम्मेलन में बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, पूर्व विधायक किशनलाल राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गुरभाग सिंह, जिला महामंत्री लेखराज भारती, जिला शासकीय अधिवक्ता हर्षवर्धन पांडे, अधिवक्ता मनोज मिश्रा, डॉ. अनुरिता सक्सेना, डॉ. अनिल सक्सेना, गीता मिश्रा, विनीत सक्सेना, अमिताभ त्रिपाठी, महादेव गायन, राजेंद्र कश्यप, संजय बरूआ, अमित वाल्मीकि, स्वतंत्र देवल, अरुण भारद्वाज, आनंद मिश्रा, धीरेन्द्र मिश्रा, श्याम बिहारी भोजवाल, विपिन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, अधिवक्ता, शिक्षक, सीए, इंजीनियर और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं संयोजक अमित संघर्षी ने किया।

रविदास घाट पर तीस दिवसीय प्रस्तुतिपरक नाट्य कार्यशाला का हुआ शुभारंभ

0
Natak Academy
Natak Academy

खुला आसमान संस्था व उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन

वाराणसी: उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी (Sangeet Natak Academy), लखनऊ (संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश) व वाराणसी (Varanasi) की प्रतिष्ठित सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था खुला आसमान के संयुक्त तत्वावधान में रविदास घाट पर तीस दिवसीय प्रस्तुतिपरक नाट्य कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। दीप प्रज्वलन व गणेश वंदना के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक समरसता और सामाजिक चेतना का संगम देखने को मिला।

मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के सदस्य डॉ. ज्ञानेश चन्द्र पांडेय ने बताया कि “इस वर्ष अकादमी द्वारा प्रदेशभर में सौ से अधिक प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। इनका उद्देश्य नवोदित कलाकारों को मंच और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है ताकि वे अपने कौशल को तराश सकें।”

वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. मनोज कुमार तिवारी ने कार्यशाला की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “संगीत एवं नाट्य केवल कला ही नहीं, बल्कि प्रभावी मनोचिकित्सीय साधन भी हैं। संगीत तनाव प्रबंधन का माध्यम है, वहीं नाट्य मंचन व्यक्तित्व विकास और मानसिक विकारों के निवारण में कारगर भूमिका निभाते हैं।”

खुला आसमान संस्था की संस्थापिका रोली सिंह रघुवंशी ने बताया कि यह कार्यशाला गरीब व जरूरतमंद बच्चों के लिए न केवल एक मंच है, बल्कि उनके आत्मविश्वास और रचनात्मकता को निखारने का माध्यम भी है। इस कार्यशाला में बनारस के विभिन्न क्षेत्रों से बच्चों ने सहभागिता की है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में सूबेदार जगदीश चंद्र (137 CETF Bn 39 GR TA), आर.बी. शर्मा (सदस्य, संस्कार भारती), प्रमोद पाठक (महामंत्री, संस्कार भारती), उमेश भाटिया (नाट्य संयोजक), नवीन चन्द्रा (प्रशिक्षक) और दिनेश श्रीवास्तव ने भी विचार व्यक्त किए। सभी ने बाल प्रतिभाओं के उत्साह को सराहा और संस्था के प्रयासों की प्रशंसा की।

इस अवसर पर खुला आसमान संस्था के बच्चों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन श्वेता यादव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन रोली सिंह रघुवंशी ने किया। यह कार्यशाला आने वाले दिनों में बच्चों को अभिनय, संवाद अदायगी, मंच सज्जा, चरित्र निर्माण आदि विविध रंगमंचीय कौशलों का प्रशिक्षण देगी, जिससे न केवल उनकी प्रतिभा निखरेगी बल्कि समाज में सांस्कृतिक चेतना का विस्तार भी होगा।

तेल माफिया पर शिकंजा: प्रशासनिक कार्रवाई के डर से खुद ही उखाड़ दिए अवैध टैंक, बायो डीजल पंप किया खाली

0
oil mafia
oil mafia

-शासन के दबाव में भागा कुख्यात पवन पंकज कटियार, नायरा कंपनी के सेल्स अधिकारी की भूमिका भी संदिग्ध

फर्रुखाबाद: प्रदेश के कुख्यात और शातिर तेल माफिया (oil mafia) पवन पंकज कटियार (Pawan Pankaj Katiyar) ने शासन और प्रशासन की सख्ती के आगे आखिरकार घुटने टेक दिए। खुटिया गंगापार स्थित फर्जी रूप से संचालित रामवती फिलिंग स्टेशन पर जारी प्रशासनिक कार्रवाई (administrative action) की भनक लगते ही कटियार ने अपने बायो डीजल पंप के भूमिगत टैंक खुद ही उखाड़ दिए और पंप को खाली करवा दिया।

सूत्रों के अनुसार, जिला प्रशासन द्वारा हाल ही में रोशनाबाद स्थित कटियार के दूसरे पंप को सील किया गया था। इसके बाद प्रशासन की नजर खुटिया स्थित फर्जी पंप पर भी थी, जहां लंबे समय से बायो डीजल का अवैध कारोबार किया जा रहा था।

शासन के निर्देश पर इन पंपों की गहन जांच शुरू हुई तो पवन कटियार और उसका साथी पंकज कटियार घबरा गए। यह देख प्रशासन के खौफ और कड़ी कार्रवाई से बचने के लिए इन दोनों ने खुटिया स्थित अपने फर्जी बायो डीजल पंप के टैंक और उपकरण रातों-रात हटवा दिए। यह कदम अपने आप में इस बात की पुष्टि करता है कि पंप की स्थापना फर्जी और गैरकानूनी तरीके से की गई थी।

नायरा कंपनी के सेल्स अधिकारी पर भी गिर सकती है गाज

खुलासा हुआ है कि उक्त फर्जी पंप को वैधता देने के लिए नायरा कंपनी के एक सेल्स अधिकारी को भी मोटी रकम में खरीदा गया था। अब उसकी भूमिका की भी उच्च स्तर पर जांच की तैयारी है। जल्द ही उसकी शिकायत सीधे मुख्यालय स्तर पर भेजी जाएगी।

जीएसटी अधिकारियों की मिलीभगत की भी जांच

सूत्रों ने यह भी बताया कि इस पूरे प्रकरण में कुछ जीएसटी अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है, जिन्होंने या तो आंखें मूंदी रखीं या सांठगांठ करके कार्रवाई से बचाव का रास्ता दिखाया। शासन ने इस मामले में भी सख्ती दिखाने के संकेत दिए हैं और संबंधित अधिकारियों पर जांच बैठाए जाने की संभावना जताई जा रही है।

शासन की सख्ती रंग लाई, तेल माफिया की कमर टूटी

यह पूरा घटनाक्रम बताता है कि प्रदेश सरकार अब तेल माफियाओं के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रही है। हालिया कार्रवाईयों से तेल माफियाओं में हड़कंप मच गया है और अवैध कारोबार की जड़ें हिलने लगी हैं। प्रशासन की सक्रियता और शासन की कठोर मंशा से साफ है कि अब प्रदेश में किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े और माफिया तंत्र को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में कई और चौंकाने वाले खुलासे और गिरफ्तारियों की संभावना है।

प्राचीन शिव मंदिर मढ़ी में भव्य भंडारे का आयोजन, विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने लिया प्रसाद

0
Swami Prakasanand
Swami Prakasanand

ग्रामवासियों से की सीधी वार्ता, सुनी समस्याएं और दिए समाधान के निर्देश

पीलीभीत: जनपद के बरखेड़ा विधानसभा (Barkheda Assembly) क्षेत्र के ग्राम मकतुल स्थित प्राचीन शिव मंदिर (Ancient Shiva Temple) मढ़ी पर आज एक भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। यह आयोजन ग्राम निवासी मुलायम सिंह के द्वारा किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं और ग्रामवासियों ने भाग लिया। भंडारे में बरखेड़ा के लोकप्रिय विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज (MLA Swami Prakasanand Maharaj) ने भी विशेष रूप से पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और कार्यक्रम को शुभकामनाएं दीं।

भंडारे में भाग लेकर विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने ग्रामवासियों से सीधा संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी जायज़ समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। स्वामी प्रवक्तानंद ने कहा कि वह जनसेवा को ही अपना धर्म मानते हैं और जनमानस से सीधे जुड़ाव ही उनकी राजनीति की शक्ति है।

कार्यक्रम के आयोजक मुलायम सिंह और उनका पूरा परिवार इस सेवा कार्य में जुटा रहा। भंडारे में ग्राम प्रधान बाबूराम वर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य परमेश्वरी दयाल मौर्य, वरिष्ठ शिक्षक मास्टर प्यारेलाल जी, हरिओम शर्मा सहित ग्राम मकतुल के अनेक सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन में भक्ति भाव और सामाजिक समरसता का सुंदर दृश्य देखने को मिला।

ग्रामवासियों ने विधायक से बिजली, सड़क, पानी और शिक्षा से जुड़ी समस्याएं साझा कीं, जिनके निराकरण हेतु मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से संपर्क साधने के निर्देश दिए गए। इस धार्मिक और सामाजिक आयोजन ने ग्राम मकतुल को एकता और सौहार्द के सूत्र में बांधने का कार्य किया। ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार जताया और इस तरह के आयोजनों को प्रेरणादायक बताया।

सीएम डैशबोर्ड समीक्षा: जिले की रैंकिंग 29, कई विभागों के खराब प्रदर्शन पर जताई गई नाराजगी

0
CM dashboard
CM dashboard

16 विभागों की 28 योजनाओं की समीक्षा, विद्युत विभाग व खंड विकास अधिकारी शमसाबाद को नोटिस के निर्देश

 

फर्रुखाबाद: कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ (Collectorate Auditorium, Fatehgarh) में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी (District Magistrate Ashutosh Kumar Dwivedi) की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड (CM dashboard) की मई माह की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस समीक्षा में जनपद की रैंकिंग 29 आई, जिससे प्रशासन ने मिश्रित संतोष जताया, लेकिन कई विभागों के कमजोर प्रदर्शन पर नाराजगी भी जाहिर की।

बैठक में 16 विभागों से जुड़ी 28 योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। इनमें से अधिकांश योजनाओं की रैंकिंग 20 से 74 के बीच पाई गई। सबसे खराब स्थिति उद्योग विभाग की मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में देखी गई, जिसे 74वीं रैंक के साथ डी श्रेणी में रखा गया। इसी विभाग की ओडीओपी टूलकिट योजना भी डी श्रेणी में रही, जबकि ओडीओपी वित्त पोषण योजना की रैंक 53 पाई गई। श्रम विभाग की कन्या विवाह सहायता योजना की भी स्थिति चिंताजनक रही, जिसे 73वीं रैंक के साथ डी श्रेणी में रखा गया। जिलाधिकारी ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी।

विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंताओं को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि पर्यटन विभाग की स्थिति बी श्रेणी में पाई गई, जिसकी रैंकिंग 54 रही। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के भवन निर्माण कार्य में 50वीं रैंक मिली, वहीं नियोजन विभाग की फैमिली आईडी योजना में 58वीं रैंक के साथ सी श्रेणी प्राप्त हुई। ग्राम्य विकास विभाग की दीनदयाल अंत्योदय राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) की रैंकिंग 69 और श्रेणी डी रही, जबकि मनरेगा योजना की रैंक 47 पाई गई। मनरेगा में लापरवाही के चलते खंड विकास अधिकारी शमसाबाद को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

जल जीवन मिशन में भी प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा और योजना को 55वीं रैंक के साथ सी श्रेणी में रखा गया। वहीं, चिकित्सा विभाग की बायो मेडिकल उपकरण रखरखाव योजना को 45वीं रैंक मिली है। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि “जिन विभागों की योजनाएं डी या सी श्रेणी में हैं, उन्हें अगले माह की समीक्षा से पूर्व सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करनी होगी। योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, डीएफओ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला विकास अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।