19.7 C
Lucknow
Sunday, March 1, 2026
Home Blog Page 30

होली से पहले मिलावटखोरों पर सख्ती, 80 किलो मिठाई नष्ट

0

 

फतेहपुर में होली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश दीक्षित के नेतृत्व में विभागीय टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की जांच की। मौके पर ही परीक्षण के लिए मोबाइल टेस्टिंग लैब (एफएसडब्ल्यू) का प्रयोग किया गया। अभियान के दौरान मानक के अनुरूप न पाए जाने पर 13 खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

टीम ने बिंदकी स्थित बालाजी स्वीट हाउस से पेड़ा, छेना और बेसन लड्डू के नमूने जांचे। वहीं बुल्ली स्वीट हाउस से छेना, पेड़ा और बर्फी की जांच की गई। ललौली चौराहा स्थित सीताराम स्वीट हाउस से मिल्क केक, मुरादीपुर स्थित जुग्गी लाल स्वीट हाउस से छेना, बर्फी और मावा, जबकि जोनिहा स्थित कृष्णा स्वीट हाउस से छेना और पनीर समेत करीब 36 खाद्य पदार्थों की जांच कराई गई।

जांच के दौरान करीब 20 हजार रुपये कीमत की 80 किलोग्राम मिठाइयों को मानक के अनुरूप न पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट कराया गया। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों और आम नागरिकों को मिलावट से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक भी किया।

इसके अलावा बरौरा मोड़ स्थित गायत्री स्वीट हाउस और टेसाही बुजुर्ग स्थित मावा निर्माण इकाई का निरीक्षण कर मावा के दो नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभागीय टीम ने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए कि वे केवल मानक के अनुरूप खाद्य पदार्थों की ही बिक्री करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी। अभियान में धीरज दीक्षित, दिनेश चन्द्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

एचबीटीयू में एनसीएपीबीएस-2026 का शुभारंभ, औषधि विज्ञान में नवाचार पर जोर

0

 

कानपुर स्थित Harcourt Butler Technical University (एचबीटीयू) में दो दिवसीय नेशनल कांफ्रेंस एनसीएपीबीएस-2026 का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल एंड बायोलॉजिकल साइंसेज द्वारा आयोजित इस सम्मेलन का विषय “एडवांसेज इन फार्मास्युटिकल एंड बायोलॉजिकल साइंसेज” रखा गया है। उद्घाटन सत्र में कुलपति प्रो. समशेर ने कहा कि वैश्विक चिकित्सा चुनौतियों के समाधान के लिए अनुसंधान की गुणवत्ता और नवाचार पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि शोध आधारित दृष्टिकोण से ही औषधि विज्ञान की दिशा में ठोस बदलाव संभव है।

सम्मेलन में देशभर से आए वैज्ञानिकों और शोधार्थियों ने भविष्य की चिकित्सा तकनीकों और उन्नत शोध संभावनाओं पर मंथन किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में GSVM Medical College की उप प्राचार्य डॉ. ऋचा गिरी ने चिकित्सा अनुसंधान में नैतिक मूल्यों, पारदर्शिता और आधुनिक तकनीकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रगति के साथ मानवीय संवेदनाओं और नैतिक मानकों को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए।

तकनीकी सत्र में Central Drug Research Institute (सीडीआरआई) लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मनीष चौरसिया ने “ड्रग डिस्कवरी” के क्षेत्र में हो रहे नवीन अनुसंधानों की जानकारी दी। वहीं Indian Institute of Technology Kanpur के प्रो. विवेक वर्मा ने घाव भरने के लिए विकसित आधुनिक “मेडिकल पैचेस” की तकनीक और उपचार प्रक्रिया पर विस्तृत प्रस्तुति दी, जिसे प्रतिभागियों ने सराहा।

विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. दीप्तीक परमार और रजिस्ट्रार अमित राठौर ने भी नवाचार आधारित शिक्षा प्रणाली को समय की आवश्यकता बताया। सम्मेलन अध्यक्ष प्रो. ललित कुमार सिंह एवं संयोजक प्रो. नीरज मिश्रा ने बताया कि इस अवसर पर शोध संकलन पुस्तक का भी विमोचन किया गया। दो दिवसीय सम्मेलन में विभिन्न शोध पत्रों की प्रस्तुति और विचार-विमर्श के माध्यम से औषधि एवं जैविक विज्ञान के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

सिरियावां लूटकांड का खुलासा: तीन अंतर्जनपदीय बदमाश गिरफ्तार, लूट का माल बरामद

0

 

चरवा थाना क्षेत्र के सिरियावां चौराहा के समीप बाइक सवार दंपती से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि घटना में शामिल तीन अंतर्जनपदीय बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उनके एक अन्य साथी की तलाश जारी है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से लूट का माल, घटना में प्रयुक्त बाइक व अवैध असलहा भी बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार, चरवा के सैयद सरावां निवासी रमेश सिंह 20 फरवरी को अपनी पत्नी के साथ करारी क्षेत्र के गुलामीपुर में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने गए थे। 21 फरवरी की भोर जब वे लौट रहे थे, तभी असवां गांव से पीछा करते हुए दो बाइक सवार चार बदमाशों ने सिरियावां चौराहे के पास उन्हें रोक लिया। गाली-गलौज करते हुए बदमाशों ने एक हजार रुपये नकद, की-पैड मोबाइल, महिला के झुमके, लॉकेट व चेन लूट ली और फरार हो गए। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

एसपी ने खुलासे के लिए थाना प्रभारी महेश सिंह व एसओजी प्रभारी विनय सिंह की टीम गठित की थी। शनिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तेरहमील के समीप से बाइक सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान प्रयागराज जनपद के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मंदर देह माफी निवासी संजय पुत्र विरेंद्र, आशू पुत्र भीम तथा अलमान उर्फ अरमान पुत्र परवेज अहमद के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि लूट का गहना बेचकर प्राप्त धनराशि आपस में बांट ली थी, जिसमें प्रत्येक के हिस्से 12-12 हजार रुपये आए थे। पुलिस ने 26,200 रुपये नकद, एक तमंचा-कारतूस, एक जोड़ी पायल, महिला का बैग, आधार व एटीएम कार्ड तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

एसपी राजेश कुमार के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी हैं। अभियुक्त संजय के विरुद्ध प्रयागराज के विभिन्न थानों में चोरी के पांच मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अलमान उर्फ अरमान पर चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है।

जरैनी गांव में युवा चौपाल, चंद्रशेखर आजाद को श्रद्धांजलि व संगठन विस्तार पर जोर

0

 

नेवादा ब्लॉक के जरैनी गांव में शुक्रवार को सवर्ण आर्मी की ओर से युवा चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भागीदारी की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को संगठित कर सामाजिक एकता और संगठन विस्तार पर बल देना रहा। चौपाल के दौरान महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के शहीद दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

जिलाध्यक्ष अभिषेक पांडेय की अगुवाई में कार्यक्रम की शुरुआत चंद्रशेखर आजाद के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। उपस्थित युवाओं ने उनके आदर्शों पर चलने तथा समाज में भाईचारा और एकता बनाए रखने का संकल्प लिया। जिलाध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक ताकत युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही बढ़ती है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान सर्वसम्मति से जरैनी गांव निवासी विवेक तिवारी को ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं संजय कुमार पांडेय को जिला संपर्क प्रमुख नियुक्त किया गया। नव-नियुक्त पदाधिकारियों का कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और संगठन को मजबूत बनाने का भरोसा जताया।

युवा चौपाल में अनूप मिश्रा, दीपक त्रिपाठी, रिंकू शर्मा, अमित पांडेय सानू, दीपक मिश्रा, अभिषेक अग्रहरि सत्यम, पिंटू पांडेय, धर्मेंद्र तिवारी, अखिलेश मिश्रा, सूरज मिश्रा, प्रांकुश और अजय दुबे सहित सैकड़ों युवा मौजूद रहे। वक्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने और युवाओं की भूमिका को और प्रभावी करने का संकल्प दोहराया।

सड़क हादसे में शहीद हुए सैन्यकर्मी को दी गई अंतिम सलामी, पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

0

 

सैनी थाना क्षेत्र के केन गांव निवासी सैन्यकर्मी बृजेश कुमार पाल पुत्र राम प्रसाद पाल का शुक्रवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार से पूर्व जवानों ने उन्हें सलामी दी। जैसे ही पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया और परिजन दहाड़ मारकर रो पड़े। गांव का माहौल गमगीन हो गया और हर आंख नम दिखाई दी।

बताया गया कि बुधवार देर शाम बृजेश कुमार पाल अपने चचेरे भाई शिवराज पाल पुत्र बुधराम पाल के साथ एक ही बाइक से सौरई खुर्द में आयोजित एक शादी समारोह में गए थे। रात करीब 11 बजे लौटते समय मधवामई के समीप पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

गंभीर हालत में सैन्यकर्मी को आर्मी अस्पताल प्रयागराज ले जाया गया, जहां गुरुवार भोर में उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। वहीं, शिवराज पाल का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति भी नाजुक बताई जा रही है।

मृतक के चाचा राम सजीवन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और वाहन सहित आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। गांव में अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी।

चंपहा बाजार के पास बाइक भिड़ंत, महिला गंभीर रूप से घायल

0

 

इलाके के कोसम गांव निवासी इश्तियाक अली शुक्रवार शाम अपनी बहन और भाभी को बाइक से प्रभास गिरी घुमाने के लिए ले जा रहे थे। जैसे ही वे चंपहा बाजार स्थित ग्रामीण बैंक के समीप पहुंचे, सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे बैठी उनकी बहन सड़क पर गिरकर बेहोश हो गईं।

हादसे में घायल शबाना बेगम पत्नी नसीम खान को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एसआरएन अस्पताल, प्रयागराज रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना में इश्तियाक अली और अन्य सवारों को मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने सड़क पर बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर चिंता जताई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।