19 C
Lucknow
Saturday, March 21, 2026
Home Blog Page 134

नवआरंभ उत्सव: 25 मार्च को प्रदेश भर के स्कूलों में बालवाटिका नामांकन अभियान

0

3 से 6 वर्ष के बच्चों के नामांकन और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत करने के लिए राज्यभर में होगा विशेष कार्यक्रम

25 मार्च को को-लोकेटेड आंगनबाड़ी और प्राथमिक विद्यालयों में होगा आयोजन

अभिभावकों को बालवाटिका की गतिविधियों और सुविधाओं से कराया जाएगा अवगत

लखनऊ| प्रदेश सरकार प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत करने और छोटे बच्चों के विद्यालय में प्रवेश को बढ़ावा देने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के सभी को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों और प्राथमिक विद्यालयों में ‘नवआरंभ उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 25 मार्च 2026 को राज्यभर में एक साथ आयोजित होगा। इस पहल का उद्देश्य 3 से 6 आयु वर्ग के बच्चों का बालवाटिका में नामांकन बढ़ाना और प्रारंभिक शिक्षा के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना है। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को बालवाटिका की गतिविधियों से परिचित कराया जाएगा और अभिभावकों को विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।

वर्ष 2030 तक प्रारंभिक शिक्षा लाभ सभी तक पहुंचाने का लक्ष्य
राज्य सरकार का यह कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नीति के अनुसार वर्ष 2030 तक प्रारंभिक शिक्षा लाभ सभी तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

बालवाटिका की गतिविधियों से कराया जाएगा परिचय
योगी सरकार ने विशेष अभियान चलाकर बच्चों के नामांकन और उपस्थिति बढ़ाने की रणनीति तैयार की है। नवआरंभ उत्सव के दौरान विद्यालयों में अभिभावकों को बालवाटिका की गतिविधियों, लर्निंग कॉर्नर, स्टेशनरी, खेल सामग्री और बच्चों के बैठने की व्यवस्था के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही बच्चे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और अन्य गतिविधियां भी करेंगे। इससे अभिभावकों को बालवाटिका के शैक्षिक वातावरण की झलक मिल सकेगी।

तैयार हुई कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा
नवआरंभ उत्सव के लिए विभाग ने विस्तृत कार्यक्रम तय किया है। इसके तहत जनप्रतिनिधि दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम के उद्देश्य और बालवाटिका की अवधारणा पर प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। वहीं, प्रारंभिक शिक्षा के महत्व पर चर्चा, बालवाटिका के बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति भी होगी।
इसके साथ ही, कक्षा-1 में प्रवेश के लिए पात्र बच्चों की सूची अभिभावकों को उपलब्ध कराना और क्रियाशील बालवाटिका का प्रदर्शन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, डायट, नोडल शिक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं हैं। जिला स्तर से लेकर विद्यालय स्तर तक कार्यक्रम की निगरानी की जाएगी और संबंधित सूचनाएं प्रेरणा पोर्टल और विद्या समीक्षा केंद्र के माध्यम से राज्य स्तर पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

प्रत्येक विद्यालय को मिलंगे लगभग 3000 रुपये
नवआरंभ उत्सव के आयोजन के लिए राज्य सरकार ने 1592.22 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इसके तहत प्रत्येक विद्यालय को लगभग 3000 रुपये की दर से राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इस धनराशि से कार्यक्रम के आयोजन, बच्चों के लिए गतिविधियां, बैनर-पोस्टर और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

प्रारंभिक शिक्षा को नई दिशा देने का प्रयास
योगी सरकार का मानना है कि मजबूत प्रारंभिक शिक्षा से ही बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव तैयार होती है। इसी दृष्टिकोण से राज्य सरकार आंगनबाड़ी और विद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है।
‘नवआरंभ उत्सव’ इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो छोटे बच्चों के नामांकन और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

डीएम-एसपी ने मधु गैस सर्विस कमालगंज का किया औचक निरीक्षण

0

फर्रुखाबाद | यूथ इंडिया
जिलाधिकारी डॉ . आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक Aarti Singh ने शनिवार को कमालगंज स्थित मधु गैस सर्विस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गैस एजेंसी पर एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता, उपभोक्ताओं की बुकिंग, डिलीवरी व्यवस्था और स्टॉक रजिस्टर की विस्तार से जांच की गई।
जिलाधिकारी ने एजेंसी संचालक से प्रतिदिन प्राप्त होने वाले गैस सिलेंडरों की संख्या तथा उपभोक्ताओं तक डिलीवरी में लगने वाले समय के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जाए।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस सिलेंडर वितरण में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता नहीं होनी चाहिए। एजेंसियां केवल ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से ही सिलेंडर वितरण करें और वितरण प्रणाली में पूरी पारदर्शिता बनाए रखें। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने को भी कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने एजेंसी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि गैस गोदाम और एजेंसी परिसर में अग्निशमन उपकरण हमेशा क्रियाशील अवस्था में रखे जाएं ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी तथा गैस एजेंसी के कर्मचारी भी मौजूद रहे।

बरेली में 27 एम्बुलेंस कंडम घोषित, नीलामी की तैयारी

0

बरेली | यूथ इंडिया
बरेली जिले में स्वास्थ्य विभाग की 27 एम्बुलेंस कंडम घोषित कर दी गई हैं। ये सभी एम्बुलेंस लंबे समय से उपयोग के लायक नहीं थीं और फिलहाल 300 बेड अस्पताल परिसर में खड़ी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार इन एम्बुलेंस को नीलाम करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने शासन से अनुमति मांगी है। अनुमति मिलने के बाद कंडम घोषित वाहनों की नीलामी की जाएगी।
वायरल हुआ एम्बुलेंस का वीडियो
इन कंडम एम्बुलेंस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें अस्पताल परिसर में खड़ी कई जर्जर एम्बुलेंस दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
बताया जा रहा है कि ये सभी एम्बुलेंस बरेली के 300 बेड अस्पताल परिसर में लंबे समय से खड़ी हैं। वाहन खराब और अनुपयोगी होने के कारण इन्हें कंडम घोषित कर दिया गया है।
सीएमओ के अनुसार शासन से अनुमति मिलने के बाद इन एम्बुलेंस की नीलामी कर दी जाएगी। इससे अस्पताल परिसर में खड़े जर्जर वाहनों को हटाया जा सकेगा और स्थान खाली हो जाएगा।
पूरा मामला बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 8 बीएलओ सम्मानित, डीएम ने दिया प्रशस्ति पत्र व नगद पुरस्कार

0

फर्रुखाबाद | यूथ इंडिया |
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन की पंचायत निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 8 बीएलओ को सम्मानित किया।
इस दौरान ई-बीएलओ एप पर मतदाताओं की फीडिंग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति पत्र के साथ प्रोत्साहन धनराशि भी प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का सही और समय पर अद्यतन होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
इन बीएलओ में राजेश कुमार सिंह – प्रथम स्थान – ₹10,000,श्याम जी अवस्थी – द्वितीय स्थान –₹8,000,कालीचरन – तृतीय स्थान – ₹6,000,भूपेंद्र दीक्षित – सांत्वना पुरस्कार – ₹3,000,आशीष गुप्ता – ₹3,000
ममता देवी – ₹3,000,ममता दीक्षित – ₹3,000,नर सिंह – ₹3,000 प्रशस्ति पत्र सहित प्रदान किये गए।
जिलाधिकारी ने सभी सम्मानित बीएलओ की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची को सटीक और अद्यतन बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला है।
कार्यक्रम में सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

खबर लिखने से नाराज़ दबंगों ने पत्रकार को पीटा

0

फतेहपुर | यूथ इंडिया
फतेहपुर जिले में एक पत्रकार पर दबंगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि खबर प्रकाशित करने से नाराज़ कुछ लोगों ने पत्रकार को घेरकर जमकर मारपीट की। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार पत्रकार ने क्षेत्र में चल रहे अवैध मिट्टी खनन से जुड़ी खबर प्रकाशित की थी। इसी बात से नाराज़ बताए जा रहे दबंगों ने पत्रकार को रोककर उसके साथ मारपीट कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावर स्थानीय खनन माफिया से जुड़े लोग हैं।
खबर से नाराज़ होकर किया हमला
स्थानीय लोगों के मुताबिक पत्रकार लगातार इलाके में अवैध गतिविधियों को लेकर खबरें लिख रहे थे। इसी कारण दबंग उनसे नाराज़ थे और मौका मिलते ही उन्होंने हमला कर दिया।
कल्याणपुर थाना क्षेत्र का मामला
घटना फतेहपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मारपीट में पत्रकार को चोटें आई हैं। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पत्रकार संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और ऐसी घटनाएं लोकतंत्र के लिए चिंताजनक हैं।

दीप प्रज्वलित कर लोक अदालत का उद्घाटन, मां सरस्वती को अर्पित किए पुष्प

0

फर्रुखाबाद | यूथ इंडिया
राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ पारंपरिक विधि-विधान के साथ किया गया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया तथा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर न्यायिक कार्यवाही की मंगलकामना की।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मियों की उपस्थिति में लोक अदालत की कार्यवाही प्रारंभ की गई। इस दौरान जनपद न्यायाधीश ने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य आम लोगों को सुलभ, त्वरित और कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से विवादों का समाधान किया जाता है, जिससे न्यायालयों में लंबित मामलों का निस्तारण भी तेजी से होता है और पक्षकारों को लंबे समय तक मुकदमेबाजी से राहत मिलती है।
लोक अदालत में बैंक ऋण, मोटर दुर्घटना, पारिवारिक विवाद, विद्युत बिल, राजस्व एवं अन्य समझौता योग्य मामलों का निस्तारण किया जाता है। इसके माध्यम से बड़ी संख्या में मामलों का निपटारा कर लोगों को त्वरित न्याय देने का प्रयास किया जाता है।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों ने अधिक से अधिक मामलों को आपसी सहमति से निपटाने का आह्वान किया, ताकि न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सरल बनाया जा सके।