38 C
Lucknow
Monday, April 27, 2026
Home Blog Page 104

दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में किसान की मौत, युवक गंभीर घायल; मासूम नाती बाल-बाल बचा

0

 

औरैया। दिबियापुर थाना क्षेत्र के सहायल रोड स्थित गांव अबावर के पास मंगलवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक किसान की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के समय किसान अपने मासूम नाती के साथ बाइक से लौट रहे थे, गनीमत रही कि बच्चा इस भीषण दुर्घटना में सुरक्षित बच गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, अटसू चौकी क्षेत्र के गांव राऊपुर प्रेम नगर निवासी 52 वर्षीय महेश चंद्र मंगलवार को अपने नाती नितिन का नवोदय विद्यालय में प्रवेश कराने गए थे। दोपहर करीब तीन बजे वह नाती को साथ लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गांव अबावर के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि महेश चंद्र का हेलमेट टूट गया और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
बताया गया कि महेश चंद्र के पीछे दूसरी बाइक पर उनकी बेटी शिल्पी और दामाद भी आ रहे थे। हादसा होते ही उन्होंने अपने पिता को खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा देखा तो उनके होश उड़ गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से महेश चंद्र और दूसरी बाइक के घायल चालक पीयूष (20), निवासी सहायल, को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने महेश चंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल पीयूष को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। मामले में तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस मासूम के उज्ज्वल भविष्य के लिए दादा उसे स्कूल में दाखिला दिलाने ले गए थे, उसी सफर ने उनकी जिंदगी छीन ली। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

स्कूल बंद कर शराब के ठेके खोल रही सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त : आदित्य यादव

0

 

मैनपुरी। बदायूं से समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव और करहल विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक तेज प्रताप यादव ने मंगलवार को एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करते हुए प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए।
सपा सांसद आदित्य यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय उसे कमजोर कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां एक ओर स्कूल बंद किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शराब के ठेके खोले जा रहे हैं, जिससे समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है और लोगों के परिवार बर्बादी की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में ठोस कदम उठाए, न कि राजस्व के नाम पर सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाए।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का प्रयास कर रही है और देश-प्रदेश को बांटने वाली नीतियों पर काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और जनता को राहत मिलेगी।
वहीं करहल विधायक तेजप्रताप यादव ने भी सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसलों के उचित दाम न मिलने से परेशान हैं, खासकर आलू उत्पादक किसानों की स्थिति बेहद खराब है। लागत बढ़ने के बावजूद किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य नहीं मिल रहा, जिससे वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार केवल योजनाओं का श्रेय लेने में लगी हुई है, जबकि जमीनी स्तर पर आम जनता को कोई राहत नहीं मिल रही। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे ही विभिन्न राज्यों के चुनाव समाप्त होंगे, डीजल और पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी की जाएगी, जिससे महंगाई और अधिक बढ़ेगी और इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा।
इस मौके पर कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिनमें श्रीनिवास यादव, अरुनेंद्र यादव, पूर्व विधायक अनिल यादव, शशांक मिश्रा, शशांक चतुर्वेदी, आयुष यादव, हर्षवर्धन यादव और गुलशन यादव शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और नेताओं के समर्थन में नारेबाजी भी की गई।

संदिग्ध हालात में नवविवाहिता की मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव; मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

0

 

मैनपुरी। जिले के थाना क्षेत्र स्थित गांव विक्रमपुर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। विवाहिता का शव उसके ससुराल के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जनपद कासगंज के थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव फतेहपुर निवासी हेमराज ने अपनी 20 वर्षीय पुत्री मंजू शाक्य की शादी करीब चार महीने पहले मैनपुरी जिले के गांव विक्रमपुर निवासी सचिन शाक्य के साथ की थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद सोमवार शाम को विवाहिता का शव उसके ससुराल के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार हो चुके थे।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि मंजू शाक्य की हत्या गला दबाकर की गई है और साक्ष्य छिपाने के लिए उसके शव को फंदे पर लटका दिया गया। मृतका के भाई संजीव ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उनकी बहन को शादी के बाद से ही प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने यह भी दावा किया कि मंजू करीब दो महीने की गर्भवती थी, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
घटना के बाद गांव में भारी भीड़ जमा हो गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ओर जहां मायके पक्ष इंसाफ की मांग कर रहा है, वहीं दूसरी ओर ससुराल पक्ष के फरार होने से संदेह और गहरा गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।
थाना प्रभारी चंद्रपाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
यह घटना एक बार फिर दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर करती है, जिससे समाज में चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

तिलक समारोह से लौट रहे बाबा-नाती की दर्दनाक मौत, ट्रक चालक फरार

0

 

इटावा। जिले के इटावा-फर्रुखाबाद मार्ग पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। चौबिया थाना क्षेत्र के गांव रैपुरा के पास अहनैया नदी पुल के सामने तेज रफ्तार ट्रक और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार बाबा और नाती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे शवों को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, मैनपुरी जिले के थाना समान कटरा क्षेत्र के ग्राम गजपुरा निवासी 40 वर्षीय गोविंद सिंह चौहान ग्वालियर में रिकवरी का कार्य करते थे। वह सोमवार को अपने चाचा देवेंद्र सिंह भदौरिया की पुत्री के तिलक समारोह में शामिल होने गांव आए थे। इसके बाद वह कन्नौज जनपद के मुगई गांव में तिलक चढ़ाने गए थे। मंगलवार तड़के सुबह करीब सात बजे वह अपनी स्विफ्ट कार से ग्वालियर के लिए वापस रवाना हुए। उनके साथ रिश्ते में बाबा 70 वर्षीय गणेश सिंह भदौरिया, निवासी आनंद नगर कोतवाली इटावा, भी कार में सवार थे।
जैसे ही उनकी कार चौबिया क्षेत्र के रैपुरा भट्टा के पास पहुंची, सामने से आ रहे गिट्टी से लदे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने कार में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों लोग अंदर बुरी तरह फंस गए। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष महेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ राहत कार्य में जुट गए और स्थानीय लोगों की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया।
घायलों को तत्काल सीएचसी बसरेहर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गोविंद सिंह चौहान को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल गणेश सिंह भदौरिया को सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
हादसे की खबर जैसे ही परिजनों और तिलक समारोह वाले घर तक पहुंची, वहां का खुशियों भरा माहौल अचानक मातम में बदल गया। मृतक गोविंद सिंह की मां संतोष देवी, पत्नी पूनम और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गोविंद अपने पीछे 13 वर्षीय बेटे गुड्डू को छोड़ गए हैं, जिसका भविष्य अब अनिश्चितता में घिर गया है।
थानाध्यक्ष महेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।

मुजफ्फरनगर: दरोगा की पिस्टल छीनकर हिरासत से भागा आरोपी, मुठभेड़ में घायल कर किया गिरफ्तार

0

मुजफ्फरनगर: यूपी के मुजफ्फरनगर (Muzaffarnagar) रतनपुरी थाना क्षेत्र में गोलीबारी की घटना के आरोपी ने पुलिस हिरासत (custody) से कुछ समय के लिए भागने में कामयाबी हासिल कर ली, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया और मुठभेड़ में वह घायल हो गया। आरोपी की पहचान समोली गांव निवासी मनजीत उर्फ ​​काला के रूप में हुई है। उसने कथित तौर पर एक युवक, उसके पिता और भाई को गोली मारकर घायल कर दिया था। पीड़ित का फिलहाल दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस लाइन सभागार में मीडिया को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अक्षय संजय महादिक के अनुसार, घटना मनजीत को हिरासत में लेने के बाद घटी। यात्रा के दौरान, उसने पेट में तेज दर्द की शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने उसे चिकित्सा सहायता के लिए ले जाने का फैसला किया। यात्रा के दौरान, मनजीत ने कथित तौर पर अपनी शिकायतें बढ़ा दीं, जिसके चलते अधिकारियों ने वाहन रोककर उसे बाहर निकाला। इस मौके का फायदा उठाते हुए, उसने कथित तौर पर एक सब-इंस्पेक्टर से पिस्तौल छीन ली और पास के गन्ने के खेतों में भाग गया।

पुलिस ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया और इलाके को घेर लिया। कुछ ही देर बाद आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान मनजीत के पैर में गोली लगी और उसे दोबारा पकड़ लिया गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वह पुलिस हिरासत में है। अधिकारियों ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।

पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले काशी पहुंचे सीएम योगी, तैयारियों का लेंगे जायजा

0

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के 28 अप्रैल के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) मंगलवार शाम दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। उनके आगमन के साथ ही जिले में प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दौरान सर्किट हाउस में जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक करेंगे।

इस बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था और पीएम के दौरे से जुड़ी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि बैठक में भाजपा पदाधिकारी भी शामिल रहेंगे। सीएम योगी, प्रधानमंत्री मोदी द्वारा प्रस्तावित लोकार्पण और उद्घाटन कार्यक्रमों से जुड़े परियोजनाओं की जमीनी स्थिति का भी जायजा लेंगे। इसके साथ ही वे विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों काल भैरव मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे। इसके अलावा, सीएम योगी बरेका ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के साथ ‘नारी शक्ति वंदन’ विषय पर संवाद कर सकते हैं। इसको लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और जिन मार्गों से सीएम का काफिला गुजरेगा, वहां रूट डायवर्जन लागू किया गया है। सभी विभागों को अपने दस्तावेज और तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी में रात्रि विश्राम करेंगे और बुधवार सुबह यहां से प्रस्थान करेंगे।