26.8 C
Lucknow
Thursday, March 12, 2026
Home Blog Page 100

यमुना घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों का हमला, 10 से अधिक लोग घायल

0

इटावा: थाना क्षेत्र के टकरूपुर स्थित यमुना नदी घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले में 10 से अधिक लोग घायल हो गए। हमले के बाद मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। बाद में मधुमक्खियों के शांत होने के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।

जानकारी के अनुसार बकेवर क्षेत्र के ग्राम नागरी लोलपुर निवासी आशीष तिवारी ने बताया कि उनके 80 वर्षीय ताऊ सुरेंद्र तिवारी का निधन हो गया था। शनिवार को उनका अंतिम संस्कार करने के लिए गांव के करीब सौ लोग टकरूपुर स्थित यमुना घाट पर पहुंचे थे। घाट पर सभी लोग अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे हुए थे और शव का दाह संस्कार करने की व्यवस्था की जा रही थी।

बताया गया कि घाट के पास बने पुल पर मधुमक्खियों का एक बड़ा छत्ता लगा हुआ है। इसी दौरान किसी कारणवश छत्ते से मधुमक्खियां अचानक झुंड के रूप में उड़ने लगीं और देखते ही देखते वहां मौजूद लोगों पर टूट पड़ीं। मधुमक्खियों के अचानक हमले से घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

इस हमले में विपिन तिवारी, केशव तिवारी, सोनू तिवारी, जगमोहन त्रिपाठी, आशीष तिवारी, मोनू शर्मा, लालू तिवारी, मनोज तिवारी और धन्नू चौबे निवासी ग्राम नागरी लोलपुर थाना बकेवर समेत 10 से अधिक लोग मधुमक्खियों के काटने से घायल हो गए। कई लोगों के शरीर पर मधुमक्खियों के डंक लगने से सूजन और जलन की शिकायत भी हुई।

मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह घायल लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और प्राथमिक उपचार कराया। कुछ देर बाद जब मधुमक्खियां शांत हो गईं तो वहां मौजूद लोगों ने दोबारा अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की और दिवंगत सुरेंद्र तिवारी का दाह संस्कार पूरा किया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से घाट के आसपास लगे मधुमक्खियों के छत्तों को हटवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो और घाट पर आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

रोक आदेश के बावजूद किया पक्का निर्माण, एसडीएम ने बुलडोजर चलवाकर कराया ध्वस्तीकरण

0

मैनपुरी । ग्वालियर-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिधूना चौराहे के समीप कीमती जमीन पर रोक आदेश के बावजूद पक्का निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर एसडीएम गोपाल शर्मा राजस्व और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बुलडोजर चलवाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करवा दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वहीं दूसरे पक्ष ने स्थगन आदेश की जानकारी होने से इंकार किया है।

बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग से सटी इस जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा है और एसडीएम न्यायालय से इस पर रोक आदेश जारी किया गया था। इसके बावजूद कुछ लोगों ने होली की छुट्टियों का फायदा उठाते हुए रातों-रात लिंटर डालकर पक्का निर्माण कर लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण कार्य काफी तेजी से किया गया, ताकि प्रशासन को इसकी भनक न लग सके।

मामले की जानकारी किसी व्यक्ति ने जिलाधिकारी अंजनी कुमार को दी। डीएम ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम गोपाल शर्मा को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीएम राजस्व विभाग और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

एसडीएम के पहुंचते ही अवैध निर्माण करने वाले पक्ष के लोग विरोध में आ गए और बुलडोजर देखकर निर्माण स्थल के बाहर धरने पर बैठ गए। हालांकि पुलिस ने उन्हें समझाकर मौके से हटाया, जिसके बाद बुलडोजर से पक्के निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। इसके साथ ही पास में रखी झोपड़ी और अन्य अवैध कब्जों को भी हटवा दिया गया।

बताया गया कि दूसरे पक्ष के हाकिम सिंह, होशियार सिंह, रामप्रकाश, अन्नपूर्णा और मानसिंह बैनामे में सहखातेदार हैं। उनका कहना है कि उन्हें किसी भी प्रकार के स्थगन आदेश की जानकारी नहीं थी। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए मामले की जांच की मांग की है।

प्रशासन का कहना है कि न्यायालय के रोक आदेश के बावजूद निर्माण कार्य किया गया था, इसलिए नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी या विवादित भूमि पर अवैध कब्जा और निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जन चौपाल में लापरवाही पर कंसल्टेंट इंजीनियर निलंबित

0

पंचायत सचिव समेत पांच कर्मचारियों का वेतन रोका

एटा। जनपद के अलीगंज विकास खंड क्षेत्र के गांव नगला उम्मेद में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र की मौजूदगी में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। चौपाल में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं, जिनकी समीक्षा करते हुए सीडीओ ने कई अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। लापरवाही पाए जाने पर कंसल्टेंट इंजीनियर को निलंबित कर दिया गया, जबकि पंचायत सचिव सहित पांच कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। कार्रवाई के बाद संबंधित कर्मचारियों में खलबली मच गई।

गांव नगला उम्मेद में आयोजित जन चौपाल के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। ग्रामीणों ने आवास योजना, सड़क, बिजली, राशन और विकास कार्यों से जुड़ी कई शिकायतें दर्ज कराईं। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

चौपाल के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न विभागों से जुड़े कर्मचारियों से सरकारी योजनाओं की जानकारी भी ली। इस दौरान आशा कार्यकर्ता ममता और एएनएम शालू से स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी मांगी गई, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं। वहीं कंसल्टेंट इंजीनियर पुष्पेंद्र की कार्यशैली में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर सीडीओ ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दे दिए।

इसके अलावा पंचायत सचिव रजनीश यादव, शिक्षामित्र अवधेश कुमार और एडीओ पंचायत अमित तोमर समेत पांच कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में भी लापरवाही पाई गई। इस पर सीडीओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए उनके वेतन पर रोक लगाने का आदेश दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

जन चौपाल के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र ने प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण भी किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ग्रामीणों से मिली शिकायतों के आधार पर उन्होंने पंचायत में पिछले तीन वर्षों के दौरान कराए गए विकास कार्यों की जांच कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही पंचायत भवन को प्रतिदिन नियमित रूप से खोलने और वहां जनसुनवाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी मुहम्मद राशिद, ओमकुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

मैनपुरी में ऐतिहासिक होली मिलन समारोह, क्षत्रिय समाज की एकता का दिखा जोर

0

– आर्य समाज मंदिर परिसर में उमड़ी भीड़, राघवेंद्र सिंह ‘राजू भइया’ ने संगठन और अधिकारों पर रखे विचार

मैनपुरी। मैनपुरी की पावन धरती पर आर्य समाज मंदिर परिसर में आयोजित होली मिलन समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति देखने को मिली। यह आयोजन केवल एक सामाजिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि क्षत्रिय समाज की एकता, संगठन और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बनकर सामने आया।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के वरिष्ठ राष्ट्रीय महामंत्री राघवेंद्र सिंह ‘राजू भइया’ मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में समाज की एकता, सनातन परंपराओं और अधिकारों की बात रखते हुए कहा कि समाज को जागरूक होकर अपने अधिकारों और कर्तव्यों दोनों के प्रति सजग रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि समाज की शक्ति संगठन में निहित होती है और जब समाज एकजुट होकर आगे बढ़ता है तो वह नई दिशा तय करने की क्षमता रखता है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनके विचारों का स्वागत किया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर हरिवंश सिंह (पूर्व सांसद, प्रतापगढ़) के नेतृत्व और मार्गदर्शन का भी उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन लगातार समाज को जोड़ने और सामाजिक चेतना को मजबूत करने का कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम के आयोजक सुमित चौहान ने जिले भर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन में बड़ी संख्या में समाज के लोग और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बताया गया कि कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह को भी शामिल होना था, लेकिन मुख्यमंत्री के अचानक कार्यक्रम के कारण उन्हें मथुरा जाना पड़ा। उनकी ओर से ज्येष्ठ पुत्र अतुल सिंह कार्यक्रम में दलबल के साथ उपस्थित रहे और सभी अतिथियों का सम्मान किया।

समारोह में समाज के विभिन्न वक्ताओं ने क्षत्रिय परंपरा, संस्कृति और संगठन की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता और सहयोग का संदेश दिया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

दिल्ली: प्रॉपर्टी डीलर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, विदेश में बैठे गैंगस्टर से मिली थी धमकी

0

नई दिल्ली: दिल्ली (Delhi) के छावला इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर (Property dealer) की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात उस समय हुई जब प्रॉपर्टी डीलर अपनी कार में अकेले बैठे थे। इसी दौरान हमलावर मौके पर पहुंचे और करीब से कई गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हाल ही में विदेश में बैठे एक गैंगस्टर ने डीलर को जान से मारने की धमकी दी थी। आशंका जताई जा रही है कि हत्या उसी धमकी से जुड़ी हो सकती है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, मृतक अपनी कार में अकेले बैठे थे, तभी हमलावर मौके पर पहुंचे और करीब से कई गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में मृतक को विदेश में बैठे गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू से जान से मारने की धमकी मिली थी। ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है कि हत्या के पीछे गैंगस्टर का हाथ तो नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

पुलिस ने बताया कि हाल ही में विदेश में रहने वाले एक गैंगस्टर ने मृतक को जान से मारने की धमकी दी थी। ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है कि कहीं हत्या के पीछे उसी गैंगस्टर या उसके गिरोह का हाथ तो नहीं है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, हाल ही में विदेश में रहने वाले गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू ने मृतक को जान से मारने की धमकी दी थी। ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है कि हत्या के पीछे गैंगस्टर या उसके गिरोह का हाथ तो नहीं है। इस बीच एक अलग मामले में 19 जनवरी को कपिल सांगवान उर्फ नंदू गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मनोज राठी के रूप में हुई है। यह गिरफ्तारी दिल्ली पुलिस की नई दिल्ली रेंज के विशेष प्रकोष्ठ की टीम ने की थी। आरोपी को शस्त्र अधिनियम की धारा 25(8) के तहत गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस के अनुसार, मनोज राठी पहले भी दो आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें नजफगढ़ थाने में वर्ष 2021 में दर्ज एक हत्या का मामला भी शामिल है। जांच में सामने आया कि फरवरी 2024 में आरोपी देश से फरार हो गया था। इसके बाद उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया गया और लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी खोला गया। बाद में उसे इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर रोका गया और 9 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पर्यटकों के लिए ताजमहल में निःशुल्क प्रवेश

0

आगरा: आठ मार्च यानी कल अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (International Women’s Day) के अवसर पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने पर्यटकों को एक बड़ा तोहफा दिया है। आज यहां एएसआई अधिकारियों के अनुसार, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को आगरा के ताजमहल में सभी पर्यटकों के लिए प्रवेश निःशुल्क कर दिया गया है।

ताजमहल के अलावा, पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित सभी स्मारकों के लिए भी टिकट निःशुल्क रहेंगे। घरेलू और विदेशी पर्यटक रविवार को ताजमहल में निःशुल्क प्रवेश कर सकेंगे, लेकिन मुख्य स्मारक देखने के लिए उन्हें टिकट खरीदना होगा।

फतेहपुर सिकरी, सिकंदरा स्मारक और किले में भी प्रवेश निःशुल्क रहेगा। ताजमहल में पर्यटकों का प्रवेश सूर्योदय से 30 मिनट पहले शुरू होता है और सूर्यास्त से 30 मिनट पहले प्रस्थान शुरू होता है। रविवार को ताजमहल में प्रवेश निःशुल्क होने के कारण भारी भीड़ जमा होने की संभावना है।