नवाबगंज, फर्रुखाबाद। ग्राम पंचायतों और जिला पंचायतों में अब विकास कार्य नई कार्यप्रणाली के तहत कराए जाएंगे। इसके लिए पंचायतों में नौ प्रमुख थीम के आधार पर विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत बुधवार को नवाबगंज विकास खंड सभागार में ग्राम सचिवों एवं पंचायत सहायकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी अमरेश चौहान ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर सुरेन्द्र पाण्डेय एवं प्रतिभा कटियार ने बताया कि अब ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के अंतर्गत गरीबी मुक्त एवं उन्नत आजीविका पंचायत, स्वस्थ पंचायत, बाल हितैषी पंचायत, जल-संपन्न पंचायत, स्वच्छ एवं हरित पंचायत, आत्मनिर्भर आधारभूत संरचना पंचायत, सामाजिक रूप से सुरक्षित पंचायत, सुशासन वाली पंचायत तथा महिला हितैषी पंचायत जैसी नौ थीम पर योजनाएं तैयार की जाएंगी।
खंड विकास अधिकारी अमरेश चौहान ने कहा कि विकसित भारत संकल्प और ग्राम पंचायतों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए अब योजनाओं का क्रियान्वयन नई कार्ययोजना के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों की योजनाएं पूर्व की तरह संचालित रहेंगी, लेकिन उनका समन्वय इन थीमों के अनुरूप किया जाएगा, जिससे विकास कार्य अधिक प्रभावी और परिणामकारी बन सकें।
प्रशिक्षण के बाद सभी ग्राम सचिव एवं पंचायत सहायकों को अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में नई व्यवस्था के तहत विकास योजनाएं तैयार करने और उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी किशन पाल सिंह, सचिव अनुपम बाजपेई, कामता प्रसाद, बृजेश कुमार, वेद प्रकाश सिंह, प्रमोद शुक्ला सहित विकास खंड के सभी ग्राम सचिव एवं पंचायत सहायक उपस्थित रहे।
नवाबगंज: नौ थीम पर विकास कार्य कर समृद्ध बनेंगी ग्राम पंचायतें


