लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा को लेकर अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा कुशीनगर, बलरामपुर, लखीमपुर खीरी, शामली, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद और हापुड़ में भी वर्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी लखनऊ के साथ अयोध्या, बस्ती और गोरखपुर मंडल में भी बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार सक्रिय हो रहे मानसून के कारण कई जिलों में जलभराव, बिजली गिरने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन को भी आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं।


