हरदोई
सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब दो दिन से लापता एक किसान का शव पेड़ से लटका हुआ बरामद हुआ। गुरुवार को गोवर्धनी देवी मंदिर के पास राहगीरों ने शव को देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस व परिजनों को दी। घटना की खबर मिलते ही इलाके में भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया।
मृतक की पहचान कौड़िया दाना मजरा सिलवारी निवासी सुशील (50) के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, शव चांदनी के पेड़ से फंदे के सहारे लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
परिजनों के अनुसार, सुशील मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे साइकिल से घर से निकले थे। उन्होंने बताया था कि वे सवायजपुर में एक कोल्हू की दुकान पर सरसों की पेराई कराने जा रहे हैं। लेकिन देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू की। दो दिनों तक लगातार खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका।
गुरुवार को अचानक उनका शव मिलने की सूचना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मृतक के छोटे भाई पवन ने बताया कि सुशील तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और खेती-बाड़ी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी इस तरह अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि घटनास्थल से मृतक की साइकिल, चप्पल और अन्य सामान भी बरामद किया गया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वह उसी स्थान पर पहुंचे थे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्यवाही की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। मृतक अपने पीछे पत्नी सुशीला, पुत्री पारुल, पुत्र शोभित तथा भाई अनिल और पवन को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।


