आर्मी पब्लिक स्कूल के 32 छात्र-छात्राओं ने चलाया स्वच्छता अभियान, डेंगू से बचाव के लिए किया जागरूक
फतेहगढ़, फर्रुखाबाद । आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ कैंट में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान पखवारे के दूसरे दिन शुक्रवार को विद्यार्थियों ने आरोग्य पथ पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कक्षा नौ के 32 छात्र-छात्राओं ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ विषय पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से साफ-सफाई रखने और संक्रामक बीमारियों से बचाव का संदेश दिया।
नुक्कड़ नाटक के बाद विद्यार्थियों ने आरोग्य पथ के आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने लोगों को अपने आसपास गंदगी न फैलाने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा पानी जमा न होने देने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सोनिया शर्मा ने कहा कि बदलते मौसम में डेंगू जैसे संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में रोगाणुओं और मच्छरों के पनपने से रोकने के लिए स्वच्छता बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य नितिन चतुर्वेदी ने कहा कि रुके हुए पानी और आसपास फैली गंदगी में संक्रामक रोग फैलाने वाले मच्छर पनपते हैं। इसलिए कूलर सहित अन्य स्थानों पर जमा पानी को नियमित रूप से बदलते रहना चाहिए और आसपास सफाई बनाए रखनी चाहिए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. राजेश पाण्डेय, डॉ. अंजना चौहान, सीमा गुप्ता, नैन्सी गुप्ता, सौरभ सिंह पाल, सुरेंद्र सिंह परिहार, अमितेश पाठक, ब्रजवाला और राम सागर सहित विद्यालय के अन्य सदस्यों ने योगदान दिया।


