22 C
Lucknow
Thursday, April 9, 2026

भावलखेड़ा में शैक्षिक संगोष्ठी व ‘स्कूल चलो’ रैली से जागरूकता का संदेश

Must read

 

शाहजहांपुर। विकास खंड भावलखेड़ा में आयोजित शैक्षिक संगोष्ठी एवं स्कूल चलो अभियानnरैली ने शिक्षा के प्रति जनजागरूकता का प्रेरणादायक संदेश दिया। कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा, शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता का सराहनीय समन्वय देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक अरविंद सिंह व विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख राजाराम ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान निपुण विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं नवोदय विद्यालय सहित विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों व संकुल शिक्षकों को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब प्राथमिक विद्यालय सूरतपुर की कक्षा एक की छात्रा आइला ने कंप्यूटर से भी तेज गति में ग्राम पंचायत से लेकर विश्व स्तर तक की जानकारी मौखिक रूप से सुनाकर सभी को अचंभित कर दिया। उसकी प्रतिभा पर पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। परिषदीय विद्यालयों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांध दिया। प्रस्तुतियों में बच्चों का आत्मविश्वास, सृजनात्मकता और शिक्षा के प्रति उत्साह स्पष्ट झलक रहा था। कार्यक्रम का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी विनय मिश्रा के निर्देशन में हुआ, जबकि संचालन प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री देवेश बाजपेई ने प्रभावशाली ढंग से किया। कार्यक्रम के बाद मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि ने स्कूल चलो अभियान के तहत बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में सबसे आगे प्रचार वाहन, उसके पीछे स्कूटी सवार शिक्षिकाएं और बाइक सवार शिक्षक शामिल रहे। रैली ब्लॉक कार्यालय भावलखेड़ा से निकलकर मिश्रीपुर, तहवरगंज, रौसरकोठी, लालपुर और रामचंद्र मिशन आश्रम होते हुए पुनः ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में शिक्षकों व बच्चों ने जागरूकता के नारे लगाकर लोगों को परिषदीय विद्यालयों में बच्चों का नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद परिषदीय विद्यालयों में व्यापक सुधार हुआ है। आज सरकारी विद्यालय सुविधाओं और गुणवत्ता के मामले में निजी विद्यालयों को टक्कर दे रहे हैं। सरकार द्वारा लगातार विद्यालयों को सुदृढ़ किया जा रहा है और बच्चों को नि:शुल्क व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।
इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष, खंड विकास अधिकारी अभिषेक अग्रवाल, सहायक विकास अधिकारी सहित क्षेत्र के सभी प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक व बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे। यह आयोजन महज एक कार्यक्रम न होकर शिक्षा के प्रति जनजागरूकता का सशक्त अभियान बनकर उभरा, जिसने यह संदेश दिया कि हर बच्चा स्कूल जाए, यही समाज की सच्ची प्रगति का आधार है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article