– मतदेय स्थलों पर राजनीतिक दलों से मांगे सुझाव
जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक, 17-17 मतदेय स्थलों के प्रस्ताव पर हुई चर्चा
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की तैयारियों के तहत गुरुवार को फर्रुखाबाद के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में मतदेय स्थलों के संबंध में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी चुनाव के लिए प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन कार्यक्रम और मतदेय स्थलों की प्रक्रिया की जानकारी दी।
बैठक में बताया गया कि जनपद में आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 17 तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 17 मतदेय स्थलों का प्रस्ताव तैयार किया गया है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रस्तावित स्थलों की जानकारी देते हुए कहा गया कि यदि किसी स्थान को लेकर कोई आपत्ति अथवा सुझाव हो तो उसे निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष उपलब्ध कराया जाए।
अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त आपत्तियों और सुझावों की नियमानुसार जांच कर उन्हें संबंधित सक्षम अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
बैठक में समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र शाक्य, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अचल प्रताप सिंह एडवोकेट, आप के जिला सचिव अंकुश सिंह, बहुजन समाज पार्टी के प्रभारी रामरतन गौतम, अपना दल के विधानसभा अध्यक्ष आयुष गुप्ता, भारतीय जनता पार्टी के जिला संयोजक चुनाव मुकेश गुप्ता तथा सीपीआई(एम) के जिला मंत्री सुनील कुमार कटियार सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा कायमगंज के तहसीलदार अरविंद कुमार, अमृतपुर की उप जिलाधिकारी श्वेता साहू तथा फर्रुखाबाद के उप जिलाधिकारी (न्यायिक) डा. सचिन वर्मा भी बैठक में उपस्थित रहे।
आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी, 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे, 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच और 9 अक्टूबर तक नाम वापसी होगी। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा तथा 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी की जानी है।
आगरा खंड निर्वाचन क्षेत्र में फर्रुखाबाद सहित 12 जिले शामिल हैं। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता भी प्रभावी हो गई है।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपेक्षा की।


